फिगर AI ने यह नया ह्यूमनॉइड रोबोट किया पेश, खुद कर सकता है घर के काम
क्या है खबर?
अमेरिका की रोबोटिक्स स्टार्टअप फिगर AI ने अपना नया ह्यूमनॉइड रोबोट हेलिक्स 02 पेश किया है। कंपनी का कहना है कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से चलने वाला रोबोट घर के रोजमर्रा के काम करने के लिए बनाया गया है। हेलिक्स 02 कमरे साफ करना, बर्तन रखना और घर का सामान व्यवस्थित करने जैसे कई काम कर सकता है। कंपनी के अनुसार, यह रोबोट बिना इंसानी मदद के पूरे कमरे की सफाई जैसे काम भी अपने आप कर सकता है।
खासियत
रोजमर्रा के कई काम कर सकता है रोबोट
हेलिक्स 02 को घर के कई अलग-अलग काम करने के लिए डिजाइन किया गया है। कंपनी के डेमो वीडियो में रोबोट को लिविंग रूम में घूमते और टेबल से चीजें उठाते देखा गया। यह चीजों को उनकी सही जगह पर रख सकता है और बिखरे हुए सामान को व्यवस्थित कर सकता है। बता दें, इसे हर काम के लिए अलग-अलग निर्देश देने की जरूरत नहीं होती और यह कई स्टेप वाले काम भी खुद समझकर कर सकता है।
अन्य खासियत
एक ही AI सिस्टम से चलता है पूरा रोबोट
कंपनी के मुताबिक, हेलिक्स 02 एक यूनिफाइड न्यूरल सिस्टम पर काम करता है। इसका मतलब है कि रोबोट का पूरा शरीर एक ही AI सिस्टम से नियंत्रित होता है। इससे यह चलते समय संतुलन बनाए रख सकता है और एक साथ चीजों को पकड़ भी सकता है। रोबोट में कैमरा, टच सेंसर और दूसरे एडवांस सेंसर्स लगे हैं जो इसे आसपास की चीजों को पहचानने और सही तरीके से पकड़ने में काफी मदद करते हैं।
ट्रेनिंग
AI मॉडल से मिली खास ट्रेनिंग
फिगर AI के अनुसार, हेलिक्स 02 को 1000 घंटे से अधिक ह्यूमन मोशन डाटा पर ट्रेन किया गया है। इस ट्रेनिंग की मदद से रोबोट इंसानों की तरह ज्यादा नैचुरल तरीके से चल और काम कर सकता है। कंपनी का कहना है कि इससे रोबोट अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को ढाल सकता है और केवल पहले से तय प्रोग्राम पर निर्भर नहीं रहता, जिससे घर के कई काम करना उसके लिए काफी आसान हो जाता है।
अन्य कंपनियां
दूसरे टेक कंपनियां भी बना रही हैं रोबोट
ह्यूमनॉइड रोबोट बनाने की दौड़ में दूसरी टेक कंपनियां भी तेजी से शामिल हो रही हैं। उदाहरण के तौर पर टेस्ला भी अपने ऑप्टिमस नाम के रोबोट प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। कंपनी के CEO एलन मस्क का मानना है कि AI और मशीन लर्निंग से चलने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट आने वाले वर्षों में दुनिया में बड़े तकनीकी बदलाव ला सकते हैं और इंसानों के कई तरह के रोजमर्रा के काम आसान बना सकते हैं।