बायर की खून को पतला बनाने वाली दवा सुनहार्बो को मिली मंजूरी
अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने हाल ही में बायर की खून पतला करने वाली (ब्लड थिनर) नई दवा सुनहार्बो (असुन्डेक्सियन) को मंजूरी दे दी है।
यह दवा उन लोगों के लिए खास तौर पर बनाई गई है, जो दोबारा स्ट्रोक से बचना चाहते हैं, वो भी बिना खून बहने के उस बड़े जोखिम के, जो आमतौर पर पुरानी दवाओं से जुड़ा रहता है।
एक बड़े और आखिरी चरण के अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों को दिल के अलावा किसी और वजह से खून के थक्के जमने के कारण स्ट्रोक हुआ था, उनमें सनहार्बो और एक अन्य ब्लड थिनर साथ लेने पर दूसरे स्ट्रोक का खतरा 26 फीसदी तक कम हो गया।
फैक्टर XI को बनाती है निशाना
सुनहार्बो दवा 'फैक्टर XI' नामक एक खास प्रोटीन को निशाना बनाती है, जो खून के थक्के बनाने में अहम भूमिका निभाता है। इसका मतलब है कि यह दवा खून के थक्के जमने से तो रोक सकती है, लेकिन इससे ज्यादा खून बहने का जोखिम पैदा नहीं होता। यह पारंपरिक ब्लड थिनर दवाओं के मुकाबले एक बड़ी कामयाबी है।
विश्लेषकों का अनुमान है कि यह दवा बायर के लिए हर साल 4.5 अरब डॉलर (करीब 400 अरब रुपये) तक का कारोबार कर सकती है।
हालांकि, इसकी एक महीने की खुराक की कीमत 748.50 डॉलर (करीब 71,000 रुपये) है, जिससे इसका बीमा कवरेज मिलना एक चुनौती हो सकती है।
इसके अलावा, बायर को लगातार चौकन्ना रहना होगा क्योंकि ब्रिस्टल मायर्स और जॉनसन एंड जॉनसन जैसी कई प्रतियोगी कंपनियां भी ऐसी ही दवाएं बनाने में जुटी हैं।