ल्यूकेमिया की पहचान करने वाला सस्ता AI टूल बनाने वाले छात्र को मिली स्कॉलरशिप
मैसाचुसेट्स के ग्रोटन स्कूल में पढ़ने वाले 16 साल के छात्र ईथन यान को 2025 का डेविडसन फेलो चुना गया है। उन्हें एलोकेट नाम का एक सस्ता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल बनाने के लिए 50,000 डॉलर (करीब 45 लाख रुपये) की स्कॉलरशिप मिली है। यह टूल सामान्य माइक्रोस्कोप का इस्तेमाल करके एक्यूट मायलोइड ल्यूकेमिया (एक तरह का ब्लड कैंसर) की पहचान करता है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे उपकरण की जरूरत नहीं पड़ती। यह तकनीक कैंसर की जांच को बहुत आसान और सभी की पहुंच में बनाती है।
देता है विशेषज्ञों जैसे सटीक नतीजे
यान ने एलोकेट तब बनाया, जब उन्होंने अपनी परदादी को ल्यूकेमिया से जूझते देखा था। इस टूल को शुरू करने में करीब 100 डॉलर (करीब 9,500 रुपये) का ही खर्च आता है।
यह शीशे की स्लाइड पर असामान्य कोशिकाओं की पहचान करके विशेषज्ञ चिकित्सकों जितनी ही सटीक जानकारी देता है। इतना ही नहीं यह उन क्लिनिक को भी सुविधा देता है, जहां पैथोलॉजिस्ट मौजूद नहीं होते।
वे दूर बैठे विशेषज्ञों को जांच के नतीजे भेज सकते हैं। इससे अस्पताल ल्यूकेमिया का जल्दी पता लगा पाते हैं, खास तौर पर उन इलाकों में जहां इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।