यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) के यूक्लिड टेलीस्कोप ने अभी हाल ही में 31 प्राचीन क्वासर खोजे हैं, जिनमें से 2 ऐसे हैं, जो अब तक के सबसे पुराने माने जा रहे हैं।
ये क्वासर, जो ब्रह्मांड की बड़ी ऊर्जावान शक्तियां हैं, तब भी खरबों सूर्यों जितनी रोशनी दे रहे थे, जब हमारा ब्रह्मांड केवल 67 करोड़ साल पुराना था, यानि अपनी आज की उम्र का केवल 5 प्रतिशत।
क्वासर असल में सुपरमैसिव ब्लैक होल से ऊर्जा पाते हैं और इनसे हमें यह समझने में मदद मिलती है कि आकाशगंगाएं और ब्रह्मांड की बाकी संरचनाएं कैसे बनी होंगी।
यूक्लिड ने रिसर्च को दी रफ्तार
2023 में लॉन्च होने के बाद से यूक्लिड ने वैज्ञानिकों को पहले से कहीं ज्यादा शुरुआती क्वासर ढूंढने में मदद की है। इसने आकाश के बड़े-बड़े हिस्सों को स्कैन करके दूर की धुंधली रोशनी को पकड़ा है।
इसी वजह से वैज्ञानिकों को यह समझने में आसानी हुई है कि ये रहस्यमयी चीजें कैसे विकसित हुईं। इनमें से कुछ जैसे EUCL J172902.75+641018.1 और EUCL J125308.55+705432.3 तो 13 अरब प्रकाश-वर्ष से भी ज्यादा दूर हैं। इस नई खोज से बिग बैंग के बाद ब्लैक होल और आकाशगंगाओं के विकास पर हो रही शोध को काफी तेजी मिली है।