ई-रोसिटा स्पेस टेलीस्कोप ने बनाया ब्रह्मांड का विशाल एक्स-रे नक्शा
ई-रोसिटा स्पेस टेलीस्कोप ने अपना नया कॉस्मिक मैप जारी किया है। इस नए मैप में पश्चिमी आकाशगंगा के हिस्से में लगभग 20 लाख एक्स-रे स्रोत सामने आए हैं।
यह नया कैटलॉग पिछले 1.5 साल में किए गए 3 पूरे आसमान के स्कैन से तैयार हुआ है। पहली बार में जितने स्रोत मिले थे, उनकी तुलना में इस बार इनकी संख्या लगभग दोगुनी है।
इससे वैज्ञानिकों को ब्लैक होल और आकाशगंगा क्लस्टर्स जैसी खगोलीय चीजों को समझने का एक बहुत बड़ा अवसर मिला है।
88 फीसदी स्रोत आकाशगंगा के बाहर मिले
ई-रोसिटा की इस सूची में 2 तरह के स्रोत शामिल हैं। एक छोटे, बिंदु जैसे और दूसरे बड़े, फैले हुए। छोटे स्रोतों में सितारे और वे सुपरमैसिव ब्लैक होल्स शामिल हैं, जो लगातार अपने आस-पास के पदार्थ को निगल रहे हैं। बड़े स्रोतों में आकाशगंगा क्लस्टर्स और सुपरनोवा के बचे हुए अवशेष देखे गए हैं।
एक बड़े इमेजिंग फुटप्रिंट में कुल पहचाने गए स्रोतों में से लगभग 88 फीसदी आकाशगंगा के बाहर के हैं। जब वैज्ञानिक एक्स-रे डाटा को ऑप्टिकल और इंफ्रारेड जानकारी के साथ मिलाते हैं तो वे अब इन खगोलीय पिंडों की दूरी, उनके प्रकार और उनकी भौतिक विशेषताओं को ब्रह्मांड के इतिहास में बहुत गहराई से समझ पाएंगे।