एरिक श्मिट ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स को दी चेतावनी, कहा-AI ने खत्म की पारंपरिक कोडिंग
गूगल के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एरिक श्मिट ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेजी से बढ़ती दुनिया में अब पुराने ढंग की कोडिंग का दौर लगभग खत्म हो चुका है।
हाल ही में एक कार्यक्रम में उन्होंने प्रोग्रामर्स से अपने काम करने के तरीकों पर दोबारा सोचने को कहा।
उन्होंने साफ तौर पर कहा, "अगर, आप अभी भी किसी भी पुराने तरीके से कोड लिख रहे हैं तो रुक जाइए। अब यह खत्म हो गया है।"
इंजीनियर्स अब क्लाउड और जेमिनी से करा रहे कोडिंग
श्मिट ने बताया कि आजकल बेहतरीन इंजीनियर्स कोडिंग और टेस्टिंग के लिए क्लाउड और जेमिनी जैसे AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे अब खुद एक-एक लाइन कोड लिखने के बजाय इन AI को काम सौंप देते हैं और फिर उसके नतीजों पर नजर रखते हैं। यहां तक कि वे सिस्टम को अपना काम खुद ही करने देते हैं और खुद ब्रेक पर चले जाते हैं।
श्मिट कंपनियों को भी चेताया
श्मिट ने खुद किशोर अवस्था से ही कोडिंग करना शुरू कर दिया था, इसलिए इस बदलाव को देखकर उन्हें थोड़ी पुरानी बातें याद आ रही हैं।
हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने कंपनियों को आगाह भी किया है कि अगर, वे पुराने तरीकों से चिपके रहे तो पीछे रह जाएंगे।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "अगर, आप किसी कंपनी के मैनेजर हैं और आपके पास सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स हैं तो उनसे पूछें कि वे अभी भी 6 महीने पहले की तरह कोड क्यों लिख रहे हैं?"