भालू के हमले में मां को खाेने के बाद श्रीनगर के इंजीनियर ने बनाया अलर्ट ऐप
2020 में एक भालू के हमले में अपनी मां खोने के बाद श्रीनगर के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने दूसरे लोगों को ऐसे खतरों को बचाने के लिए एक प्लेटफॉर्म बनाया है। इंजीनियर मुदस्सिर अली ने वाइल्डपिंग (WildPing.org) नाम का एक फ्री वाइल्डलाइफ अलर्ट प्लेटफॉर्म बनाया है।
यह लोगों को तब अलर्ट करता है, जब उनके घरों, खेतों या काम की जगहों के आस-पास भालू, तेंदुए या दूसरे जंगली जानवर देखे जाते हैं। इसका मकसद स्थानीय लोगों को सुरक्षित रखना और उन्हें खतरनाक मुठभेड़ों से बचाना है।
2.5 किलोमीटर के दायरे में करता है निगरानी
वाइल्डपिंग के जरिए यूजर वन्यजीवों के दिखने की जानकारी दे सकते हैं। साथ ही वे 2.5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले दूसरे लोगों को भी अलर्ट कर सकते हैं। अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू में उपलब्ध यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों पर है।
रिपोर्ट्स की सटीकता बनाए रखने के लिए इसमें यूजर सत्यापन और कम्युनिटी मॉडरेशन का इस्तेमाल किया जाता है। अली के लिए यह प्रोजेक्ट उनकी मां को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ अपने समुदाय को सुरक्षित रखने का भी एक तरीका है।