AI के हैकिंग खतरों के बीच एलन मस्क ने AI को लेकर की चौंकाने वाली भविष्यवाणी
एलन मस्क ने कहा है कि अगले साल के आखिर तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) किसी भी डिजिटल काम को इंसानों से बेहतर तरीके से कर पाएगा।
उन्होंने यह टिप्पणी एक्स पर तब की है, जब वर्सेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) गिलर्मो राउच ने AI की सुरक्षा खामियों को पहचानने की बढ़ती समझदारी पर जोर दिया।
मस्क ने साफ कर दिया कि वह केवल डिजिटल स्किल की बात कर रहे हैं, न कि चीजें बनाने जैसे शारीरिक कामों की।
AI हमलों को लेकर दी चेतावनी
यह पूरी चर्चा तब शुरू हुई, जब एक बड़ी सॉफ्टवेयर खामी का पता चला। इस पर वर्सेल के CEO ने कहा कि यह पहला ऐसा असली मामला हो सकता है, जहां AI सिस्टम ने न केवल किसी खामी को पहचाना, बल्कि उसका गलत फायदा भी उठाया हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में जैसे-जैसे AI सिस्टम तोड़ने में और माहिर होता जाएगा, जो भी चीज हैक हो सकती है, उसे हैक कर लिया जाएगा।
गूगल के सह संस्थापक लैरी पेज ने भी ऐसे सुपरह्यूमन हैकिंग क्षमताओं की भविष्यवाणी कई साल पहले ही कर दी थी और अब बड़ी टेक कंपनियों से जुड़ी AI की हाल की बेकाबू होने की घटनाओं को देखते हुए चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं।