एलन मस्क का दावा- 4 साल में इंसानों से आगे निकल जाएगा AI
एलन मस्क का मानना है कि अगले 4 या 5 साल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंसानों से भी ज्यादा समझदार बन सकता है। उन्होंने एक्स पर यह बड़ी भविष्यवाणी साझा की।
मस्क ने लिखा, "AI शायद 4 या 5 साल में इंसानों की सामूहिक बुद्धिमत्ता को पार कर सकता है।" उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब तकनीक की रफ्तार लगातार तेज हो रही है और वह साफ इशारा कर रहे हैं कि बड़े बदलाव आने वाले हैं।
जोखिम वाले काम कर सकेंगे रोबोट्स
मस्क एक ऐसी दुनिया की कल्पना करते हैं, जहां लाखों AI-आधारित ह्यूमनॉइड रोबोट (टेस्ला ऑप्टिमस) कुछ ही महीनों में शहरों को फिर से बना सकें।
उनकी मानें तो 2045 तक ऐसे अरबों मशीनें दुनिया की अर्थव्यवस्था को नया रूप दे सकती हैं। उनका विश्वास है कि ये रोबोट ऐसे काम संभाल सकते हैं, जो दोहराव वाले या जोखिम भरे होते हैं और शायद एक दिन ये टेस्ला की कारों से भी ज्यादा जरूरी हो जाएंगे।
हालांकि, मस्क उत्पादन क्षमता और आर्थिक विकास को लेकर बहुत आशावादी हैं, लेकिन आलोचक कहते हैं कि इन्हें बड़े पैमाने पर लागू होने में अभी कई साल लगेंगे। साथ ही, अभी भी कई बड़ी तकनीकी चुनौतियों को पार करना बाकी है।