एलन मस्क का 2 सालों में AI के इंसानी क्षमताओं को पार कर जाने का दावा
अरबपति एलन मस्क का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हमारी सोच से कहीं ज्यादा तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक तकनीकी विशेषज्ञ ने अनुमान लगाया था कि AI भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे क्षेत्रों में इंसानों से आगे निकल जाएगा।
उन्होंने फ्रेंस सॉफ्टवेयर इंजीनियर और कंप्यूटर वैज्ञानिक फ्रांसोइस चोलेट के मई, 2021 के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए कहा था कि ऐसा 10 से 20 साल के भीतर (2031-2041 तक) हो सकता है।
मस्क ने इस अनुमान को 'रूढ़िवादी' बताया और कहा कि AI 2027 के आखिर तक या ज्यादा से ज्यादा 2028 तक इंसानी क्षमताओं को पार कर सकता है।
AI की निगरानी पर दिग्गजों के बीच मतभेद
मस्क की यह बड़ी भविष्यवाणी ऐसे वक्त आई है, जब तकनीक की दुनिया में इस बात पर बहस चल रही है कि AI कितनी तेजी से बदल रहा है और इसके साथ क्या खतरे हैं?
कुछ विशेषज्ञ AI के फायदों को लेकर बेहद उत्साहित हैं, वहीं कुछ लोग इसकी सुरक्षा और नैतिकता को लेकर चिंतित हैं।
एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने शक्तिशाली AI की स्वतंत्र जांच की मांग की है, जिसका मस्क भी समर्थन करते हैं।
हालांकि, हर कोई इस बात से सहमत नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने AI के नियमन के लिए वैश्विक नियमों का विरोध किया है।