एलन मस्क ने AGI को बताया परमाणु हथियारों से भी घातक
एलन मस्क एक बार फिर आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) को लेकर चिंता जता रहे हैं। उनका कहना है कि यह परमाणु हथियारों से भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
उन्होंने 12 सितंबर को पोस्ट किया था, "मैं लंबे समय से AI को लेकर आगाह कर रहा हूं।" अप्रैल में भी वे AGI को परमाणु हथियारों से कहीं ज्यादा बड़ा खतरा बता चुके हैं।
उनका मानना है कि इंसान अभी तक पूरी तरह नहीं समझ पाया है कि सुपरइंटेलिजेंट AI कितना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे सिस्टम हमारे काबू या समझ से बाहर जा सकते हैं।
एंथ्रोपिक और OpenAI की मांग का समर्थन
सुरक्षा बनाए रखने के लिए मस्क का सुझाव है कि टेक कंपनियों को अपने AI मॉडल जारी करने से पहले एक-दूसरे के मॉडल्स की जांच करनी चाहिए।
यह कुछ ऐसा है जैसे फिल्में सिनेमाघरों में आने से पहले रेट की जाती हैं। अगर, कंपनियां तेजी से काम नहीं करती हैं तो उन्हें लगता है कि सरकारों को दखल देना पड़ सकता है।
उनकी यह सावधानी बरतने की अपील एंथ्रोपिक और OpenAI के प्रमुखों की बातों से मिलती-जुलती है। वे भी यही कहते रहे हैं कि पहले रफ्तार धीमी करें और यह सुनिश्चित करें कि हम जोखिमों से निपटने के लिए तैयार हैं।