सैम ऑल्टमैन और एलन मस्क के बीच सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग, जानिए क्या है मामला
क्या है खबर?
ऐपल की ओर से OpenAI पर मुकदमा करने के बाद एलन मस्क और सैम ऑल्टमैन के बीच विवाद फिर से शुरू हो गया है। आईफोन निर्माता द्वारा ChatGPT बनाने वाली कंपनी पर अपनी इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (बौद्धिक संपदा) चुराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा करने के बाद मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट री-शेयर किया, जिसमें उन्होंने ऑल्टमैन पर तंज कसा है। इसमें टेस्ला प्रमुख ने कहा, "वह (सैम ऑल्टमैन) धोखाधड़ी को एक नए ही स्तर पर ले जाते हैं।"
जबाव
मस्क को होमबॉय बताकर कसा तंज
इस तंज पर ऑल्टमैन ने स्पेस में डाटा सेंटर बनाने के मस्क के प्लान को लेकर तंज कसते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने लिखा, "होमबॉय, तुम ही तो पब्लिक मार्केट के निवेशकों को शॉर्ट-टर्म स्पेस डाटा सेंटर बेच रहे हो।" बता दें कि स्पेस डाटा सेंटर मस्क की कंपनी स्पेस-X के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) का एक अहम हिस्सा थे। इस कारण यह सबसे बड़ा निर्गम बन गया था।
प्रतिक्रिया
मस्क ने कहा- जल्द जेल में हाेंगे ऑल्टमैन
इसके बाद मस्क ने और भी तीखा जवाब दिया और इशारा किया कि ऐपल के मुकदमे के बाद ऑल्टमैन जल्द ही पैरोल पर हो सकते हैं। उन्होंने लिखा, "हम अगले साल इन्हें उड़ाना शुरू करेंगे। शायद आप इन्हें देखने आ सकें, अगर आपके पैरोल ऑफिसर मंजूरी दें। एक ओपन-सोर्स AI चैरिटी चुराने के बाद आपने ऐपल की सारी फोन टेक्नोलॉजी भी चुरा ली! वाह। अब आगे क्या करने का प्लान है? इसे मात देना मुश्किल होगा।"
आरोप
धोखाधड़ी का आरोप लगाया
मस्क ने ऑल्टमैन का एक स्क्रीनशॉट शेयर करके उन पर हमले जारी रखे, जिसमें ऑल्टमैन कह रहे थे, "मुझे हेल्थ इंश्योरेंस के लिए काफी पैसे मिलते हैं। OpenAI में मेरी कोई इक्विटी नहीं है। मैं यह इसलिए कर रहा हूं क्योंकि मुझे यह पसंद है।" मस्क ने जवाब दिया, "उनका मतलब स्कैमिंग है।" आगे कहा कि ऑल्टमैन शायद दुनिया के किसी भी इंसान से ज्यादा धोखाधड़ी से प्यार करते हैं और वे स्कैमिंग को नए लेवल पर ले जाते हैं।"
पलटवार
ऑल्टमैन ने किया पलटवार
इसके बाद ऑल्टमैन ने पलटवार करते हुए कहा कि मस्क का उन पर ध्यान देना यह दिखाता है कि कंपनी का नया GPT-5.6 Sol मॉडल सबसे बेहतरीन है। ऑल्टमैन ने समझाया, "कई बेंचमार्क बताते हैं कि 5.6 Sol अभी दुनिया का सबसे अच्छा मॉडल है, लेकिन यह पता लगाने का सबसे भरोसेमंद तरीका यह है कि एलन फिर से मेरे पीछे पड़ गए हैं।" इन दोनों के बीच का टकराव पुरानी प्रतिद्वंद्विता का ही एक नया हिस्सा है।