एलन मस्क की स्पेस-X अब मंगल की जगह चंद्रमा पर देगी विशेष ध्यान
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X अब मंगल ग्रह के बजाय चंद्रमा पर ज्यादा ध्यान देना शुरू करेगी। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि चंद्रमा पर एक 'सेल्फ-ग्रोइंग सिटी' बनाई जा सकती है, जिसे 10 साल से भी कम समय में पूरा किया जा सकता है। उनका कहना है कि इंसानी सभ्यता के भविष्य को सुरक्षित रखना सबसे बड़ा लक्ष्य है और तकनीकी रूप से चंद्रमा तक पहुंचना फिलहाल सबसे तेज और व्यावहारिक रास्ता है।
वजह
क्यों चंद्रमा पर शहर बसाना तेज और आसान?
मस्क के मुताबिक, चंद्रमा तक यात्रा हर 10 दिन में की जा सकती है और वहां पहुंचने में सिर्फ 2 दिन का समय लगता है। इसके मुकाबले मंगल ग्रह तक जाना सिर्फ तब संभव होता है जब दोनों ग्रह हर 26 महीने में एक सीध में आते हैं और यात्रा में करीब 6 महीने लगते हैं। इसी वजह से चंद्रमा पर मिशन को बार-बार दोहराना आसान है और शहर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ सकता है।
समय
मंगल मिशन में क्यों लगेंगे 20 साल से ज्यादा?
मस्क ने साफ कहा कि मंगल ग्रह पर शहर बसाने में 20 साल से ज़्यादा का समय लग सकता है। इसकी वजह लंबी अंतरिक्ष यात्रा, सीमित लॉन्च विंडो और वहां की कठिन परिस्थितियां हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि स्पेस-X मंगल मिशन पर भी काम करती रहेगी। कंपनी अगले 5 से 7 साल में मंगल पर शहर बसाने की प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश जरूर करेगी, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता चंद्रमा को दी जा रही है।
लक्ष्य
स्पेस-X का असली लक्ष्य क्या है?
मस्क के अनुसार, स्पेस-X का मिशन आज भी जीवन और चेतना को सितारों तक पहुंचाने की ही है। उनका मानना है कि इंसान को सिर्फ पृथ्वी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। चंद्रमा पर शहर बसाना इस बड़े लक्ष्य की दिशा में पहला और एक बेहद जरूरी कदम है। इससे सभी जरूरी तकनीक, अनुभव और सिस्टम तैयार होंगे, जो भविष्य में मंगल जैसे और भी मुश्किल अंतरिक्ष मिशनों में काम आएंगे।
अन्य
तेज लॉन्च से तेज तरक्की का भरोसा
मस्क ने कहा कि चंद्रमा के लिए बार-बार और जल्दी लॉन्च करने की सुविधा स्पेस-X को तेजी से सुधार और विकास का मौका देगी। हर 10 दिन में लॉन्च होने से गलतियों से सीखना और सिस्टम को बेहतर बनाना आसान होगा। मस्क का मानना है कि इसी वजह से चंद्रमा पर शहर बनाना मंगल की तुलना में कहीं ज्यादा तेज, सस्ता और व्यावहारिक है, जिससे मानव भविष्य को मजबूती मिलेगी।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें मस्क का पोस्ट
For those unaware, SpaceX has already shifted focus to building a self-growing city on the Moon, as we can potentially achieve that in less than 10 years, whereas Mars would take 20+ years.
— Elon Musk (@elonmusk) February 8, 2026
The mission of SpaceX remains the same: extend consciousness and life as we know it to…