एलन मस्क की स्पेस-X बना रही नई AI डिवाइस, निवेशकों को दिखाया प्रोटोटाइप
क्या है खबर?
एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X एक नई AI डिवाइस पर काम कर रही है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने हाल ही में कुछ निवेशकों को इसका शुरुआती प्रोटोटाइप दिखाया है। यह डिवाइस स्मार्टफोन जैसी दिखती है और सामान्य फोन से पतली है। कंपनी का कहना है कि यह अभी शुरुआती चरण में है। इसका उद्देश्य लोगों के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के साथ बातचीत करने के तरीके को आसान और बेहतर बनाना है।
तकनीक
AI और स्टारलिंक तकनीक पर रहेगा फोकस
रिपोर्ट के अनुसार, यह डिवाइस कंपनी के अपने ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम कर सकती है और इसमें xAI की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन प्रोसेसर मिलने की भी चर्चा है। माना जा रहा है कि भविष्य में यह डिवाइस स्टारलिंक नेटवर्क और AI सेवाओं के साथ बेहतर तरीके से काम करेगी। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके फीचर्स और लॉन्च की कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
प्राथमिकता
पहले फोन बनाने से कर चुके हैं इनकार
मस्क पहले कई बार कह चुके हैं कि फोन बनाना उनकी प्राथमिकता नहीं है। इसी साल उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह भी कहा था कि उनकी कंपनी कोई स्मार्टफोन नहीं बना रही है। हालांकि, अब सामने आई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि स्पेस-X लंबे समय से ऐसे कंज्यूमर डिवाइस पर विचार कर रही है, जो उसकी AI और दूसरी तकनीकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा सके।
प्रोजेक्ट
'एवरीथिंग ऐप' की सोच से जुड़ा है प्रोजेक्ट
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह प्रोजेक्ट मस्क की 'एवरीथिंग ऐप' की सोच से जुड़ा हो सकता है। इसका मकसद एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहां कई डिजिटल सेवाएं एक ही जगह मिल सकें। दुनिया की कई बड़ी टेक कंपनियां भी AI आधारित नए डिवाइस और स्मार्ट प्लेटफॉर्म पर तेजी से काम कर रही हैं। ऐसे में स्पेसएक्स का यह प्रोजेक्ट भविष्य की तकनीक के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।