AI की भारी लागत पर एलन मस्क ने कहा- इसको चाहिए दुनिया का सारा पैसा
अरबपति एलन मस्क ने हाल ही में मजाक करते हुए कहा कि एक सुपरइंटेलीजेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बनाने में दुनिया का सारा पैसा लग सकता है।
उन्होंने यह बात निवेशक चमाथ पालिहिपितिया की टिप्पणी के जवाब में कही। उन्होंने बताया था कि क्लाउड चैटबॉट बनाने वाली AI स्टार्टअप एंथ्रोपिक को पर्याप्त कंप्यूटिंग पावर के लिए अकेले 200 अरब डॉलर (करीब 19,000 अरब रुपये) की जरूरत पड़ेगी। इससे साफ पता चलता है कि अत्याधुनिक AI को बनाना कितना महंगा और ऊर्जा खपत करने वाला काम बन गया है।
एंथ्रोपिक को मूल्यांकन कम करने की सलाह
पालिहिपितिया ने सुझाव दिया कि एंथ्रोपिक को अपना मूल्यांकन कम करना चाहिए। इससे वह और निवेशकों को आकर्षित कर पाएगी और जरूरी फंड जुटा सकेगी।
यह फंड कंपनी को इतनी कंप्यूटिंग पावर हासिल करने में मदद करेगा, जिससे वह बाजार में आने वाली किसी संभावित गिरावट का सामना कर सकेगी।
OpenAI और एंथ्रॉपिक जैसी कंपनियां पहले ही अरबों डॉलर खर्च कर चुकी हैं। मस्क की इस टिप्पणी से पता चलता है कि AI की इस दौड़ में आर्थिक मोर्चे पर कितनी चुनौतीपूर्ण स्थितियां हैं।