ऐपल के फोल्डेबल आईफोन को मिला डिजिटल वॉकमैन, भारतीय डेवलपर ने बनाया ऐप
ऐपल के पहले फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ में जल्द ही एक ऐसा म्यूजिक ऐप आ सकता है, जो मॉडर्न स्मार्टफोन टेक्नोलॉजी को कैसेट प्लेयर की पुरानी यादों के साथ मिलाता है। भारतीय डेवलपर विदित भार्गव ने 'डुओ-मैन' नाम का एक ऐप बनाया है, जिसे ऐपल के फोल्डेबल डिवाइस पर क्लासिक सोनी वॉकमैन इस्तेमाल करने जैसा अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है।। भार्गव ने बीट्रिग हैकाथॉन के दौरान इसे बनाया था, जहां इसे दूसरा स्थान मिला। यह ऐप आजकल ऑनलाइन खूब सुर्खियां बटोर रहा है क्योंकि यह फोन की दोनों स्क्रीन का इस्तेमाल करके पुराने कैसेट प्लेयर जैसा एहसास दिलाता है और पुरानी यादें ताजा करता है।
ऐप ऐपल म्यूजिक को भी करेगा सपोर्ट
डुओ-मैन पुराने वॉकमैन की असली आवाज का इस्तेमाल कर क्लासिक कैसेट की ध्वनि को फिर से जीवंत कर देता है। एक स्क्रीन पर आप गाने चुन सकते हैं, वहीं दूसरी पर संगीत बजता रहेगा, ठीक वैसे ही जैसे पुराने जमाने में कैसेट बदलते थे।
उम्मीद है कि लॉन्च होने के बाद यह ऐप ऐपल म्यूजिक और स्थानीय फाइल्स को भी सपोर्ट करेगा। इसके भविष्य के वर्जन में ऐपल पेंसिल के सपोर्ट के साथ शायद स्पॉटिफाई को भी जोड़ा जा सकता है।
आजकल रेट्रो तकनीक फिर से लोगों का ध्यान खींच रही है, खासकर युवा उपभोक्ताओं में जो पुराने डिवाइस की बनावट और भौतिक अनुभव को पसंद करते हैं, लेकिन उसमें आधुनिकता का स्पर्श भी चाहते हैं।