एनवीडिया चीनी AI डाटा सेंटर्स के लिए बेचेगी वेरा CPU
एनवीडिया अपने पहले स्वतंत्र 'वेरा' CPU चीन के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर्स के लिए उतारने जा रहा है। इन CPU को अगस्त से वहां भेजना शुरू हो सकता है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब अमेरिका के निर्यात नियमों के कारण एनवीडिया के H200 GPU की चीन को सप्लाई कई महीनों से रुकी हुई है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग ने बताया है कि इसी वजह से चीन में एनवीडिया की मार्केट हिस्सेदारी लगभग खत्म हो चुकी है।
वेरा-आधारित सर्वर का चल रहा परीक्षण
वेरा, इंटेल और AMD जैसी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को टक्कर देगा, खासकर तब जब AI की दुनिया अब 'इनफरेंस कंप्यूटिंग' की ओर बढ़ रही है।
एनवीडिया को उम्मीद है कि मौजूदा वित्त वर्ष के जनवरी महीने तक वेरा से 20 अरब डॉलर (1,900 अरब रुपये) का राजस्व मिलेगा। एक बड़ी चीनी क्लाउड प्रदाता कंपनी 300 से ज्यादा वेरा-आधारित सर्वर का परीक्षण करने की योजना बना रही है। हालांकि, इन सर्वर का परीक्षण फिलहाल चीन के बाहर ही किया जाएगा।
इन CPU में से हर एक की कीमत 20,000 डॉलर (करीब 19 लाख रुपये) से भी ज्यादा होगी। GPU के मुकाबले इसके निर्यात पर कम पाबंदियां हैं, फिर भी चीन की स्थानीय तकनीकी पसंद और सॉफ्टवेयर की अनुकूलता एनवीडिया की वापसी को धीमा कर सकती है।