AI की मदद से दुबई पुलिस खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर कस रही नकेल
दुबई पुलिस सड़कों को और सुरक्षित बनाने के लिए अब स्मार्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। यह तकनीक चलते ट्रैफिक के डाटा का विश्लेषण करती है, जिसमें गाड़ियों की गति और उनके आने-जाने के पैटर्न शामिल हैं।
साथ ही, यह पुराने हादसों और यातायात से जुड़े रुझानों पर भी नजर रखती है। इन सभी जानकारियों की मदद से सिस्टम पहले से ही उन इलाकों की पहचान कर पाता है, जहां दुर्घटनाएं होने की आशंका ज्यादा होती है। इससे तेज रफ्तार या लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले चालकों को समय रहते पकड़ा जा सकता है।
पेट्रोलिंग टीमों को भी मिलती है मदद
यह AI पुलिस को उन इलाकों में रडार के इस्तेमाल के लिए सटीक जानकारी देता है, जहां तेज रफ्तार या ज्यादा शोरगुल की शिकायतें आती हैं। बड़े आयोजनों के लिए यातायात व्यवस्था में भी इससे काफी सहायता मिलती है।
कैमरों का एक पूरा नेटवर्क लगातार अलर्ट भेजता रहता है, जिससे पेट्रोलिंग टीमें हादसों या जाम वाली जगहों पर तुरंत पहुंच पाती हैं। दुबई पुलिस सिर्फ इस तकनीक के भरोसे नहीं है, बल्कि खतरनाक ड्राइविंग, जैसे कि हार्ड शोल्डर पर ओवरटेक करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही, वे लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी चला रहे हैं, ताकि सब लोग यातायात नियमों का पालन करें।