DRDO का पोर्टेबल डिवाइस दुश्मन के ड्रोन-रडार पर रखेगा नजर
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) एक पोर्टेबल डिवाइस इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम बना रहा है। यह सेना को दुश्मन के रडार और ड्रोन से निकलने वाले सिग्नलों का पता लगाने में सक्षम होगा।
इलेक्ट्रॉनिक खतरों पर पैनी नजर रखने के लिए यह बेहद जरूरी है। हैदराबाद में तैयार किया गया यह सिस्टम, ड्रोन रोधी ऑपरेशंस को ज्यादा स्मार्ट और तेज बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।
डिवाइस रडार सिग्नेचर को छांटेगा
यह डिवाइस एंटीना की मदद से रडार सिग्नलों को पकड़ता है। इसके बाद डिजिटल प्रोसेसिंग और मशीन लर्निंग का उपयोग कर सिग्नलों को अलग किया जाता है। फिर उनकी तुलना पहले से मौजूद रडार सिग्नेचर की लाइब्रेरी से की जाती है।
इसे इतना हल्का बनाया गया है कि इसे मुश्किल इलाकों में भी आसानी से ले जाया जा सके, ताकि सैनिकों को भारी उपकरण उठाने की परेशानी न हो।
यह डिवाइस सटीक रूप से बता सकता है कि खतरा किस जगह से आ रहा है, जिससे टीमें सही वक्त पर जरूरी कदम उठा सकें।