डॉ. रेड्डीज ने अमेरिका में लॉन्च की कैंसर की जेनेरिक दवा
हैदराबाद की दवा कंपनी डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज ने अमेरिका में बोसुटिनिब टैबलेट्स लॉन्च की हैं। यह कैंसर की दवा 'बोसुलीफ' का जेनेरिक रूप है।
इन टैबलेट्स को MSN लैबोरेटरीज ने तैयार किया है और डॉ. रेड्डीज के पास इन्हें अमेरिका के बाजार में बेचने का एक्सक्लूसिव अधिकार है।
कंपनी का यह कदम कैंसर के इलाज के लिए उपलब्ध दवाओं की उनकी रेंज को बढ़ाएगा। साथ ही इसका उद्देश्य है कि जरूरी दवाएं लोगों को आसानी से और कम कीमत पर मिल सकें।
बोसुटिनिब को 180 दिन की विशिष्ठता मिली
अमेरिका में बोसुटिनिब को इसकी मौजूदा स्ट्रेंथ (खुराक) के लिए 180 दिनों की जेनेरिक विशिष्ठता मिली है। इस अधिकार से डॉ. रेड्डीज को उस बाजार में पहले अपनी जगह बनाने का मौका मिलेगा, जहां 'बोसुलीफ' ने पिछले 12 महीनों में 25.38 करोड़ डॉलर (2,400 करोड़ रुपये) का कारोबार किया था।
MSN लैबोरेटरीज के भारत रेड्डी ने इस लॉन्च को कंपनी की वैज्ञानिक, रेगुलेटरी और निर्माण क्षमताओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। डॉ. रेड्डीज ने इस बात पर जोर दिया कि वे सही समय पर बाजार में महत्वपूर्ण दवाएं तेजी से और किफायती दामों पर उपलब्ध करा रहे हैं।