खगोल वैज्ञानिकों ने हाल ही में डन ओंगासा नाम के सबसे पुराने क्वासर को खोजा है। यह बिग बैंग के केवल 63 करोड़ साल बाद से ही चमक रहा था, जिसने पिछले रिकॉर्ड को करीब 4 करोड़ साल से तोड़ दिया है।
यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के यूक्लिड स्पेस टेलीस्कोप से इसे खोजा गया और जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप और हबल स्पेस टेलीस्कोप ने इसकी पुष्टि की है।
यह आकाशगंगा के केंद्र में स्थित बेहद चमकदार खगोलीय वस्तु है, जो एक ब्लैक होल से ऊर्जा पाती है, जो सूर्य से 36 करोड़ गुना ज्यादा भारी है।
पुराने क्वासरों को खोजने में मिलेगी मदद
डन ओंगासा से वैज्ञानिकों को यह समझने में नई जानकारी मिली है कि शुरुआती ब्रह्मांड में सुपरमैसिव ब्लैक होल इतनी जल्दी कैसे बन पाए होंगे।
इसकी खोज उन सिद्धांतों को मजबूती देती है, जिनके मुताबिक ये विशालकाय ब्लैक होल सीधे बड़े गैस के बादलों से बन सकते हैं और इन्हें तारे बनने की प्रक्रिया से गुजरना नहीं पड़ता।
अब शोधकर्ता उम्मीद कर रहे हैं कि वे और भी पुराने क्वासरों को खोज पाएंगे, ताकि हमारे ब्रह्मांड के पहले अरब सालों के बारे में ज्यादा जानकारी मिल सके।