लॉन्च होते ही विवादों में घिरी अमेरिका की सरकारी वेबसाइट, चैटबॉट ने दिए गलत जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में अमेरिका डॉट gov (America.gov) नाम की एक वेबसाइट लॉन्च की है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित है और इसका मकसद सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाना है, लेकिन लॉन्च होते ही कुछ अजीबो-गरीब बातें सामने आने लगीं।
इस वेबसाइट के चैटबॉट ने ट्रंप की बात को ही गलत साबित कर दिया। चैटबॉट ने बताया कि 2020 का चुनाव डेमोक्रेट जो बाइडन ने जीता था और किसी भी आधिकारिक सरकारी सूत्र ने बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के उन दावों को नहीं माना, जिनसे चुनाव के नतीजों में बदलाव आया हो।
चैटबॉट ने यह भी साफ किया कि 22वें संशोधन के मुताबिक ट्रंप कानूनी रूप से तीसरी बार राष्ट्रपति नहीं बन सकते हैं।
चैटबॉट ने राजनीतिक सवालों से किया किनारा
लॉन्च के समय चैटबॉट के जवाब पहले तो बिल्कुल सीधे और सटीक थे, लेकिन फिर उसने राजनीतिक सवालों से बचना शुरू कर दिया। ऐसे सवालों पर वह अस्पष्ट जवाब देने लगा, जैसे कि 'मैं राजनीतिक सवालों का जवाब नहीं दे सकता।' चैटबॉट के इस तरह के बदलते बयानों से लोग चिंतित हो गए हैं कि क्या AI महत्वपूर्ण विषयों पर भरोसेमंद जानकारी देने के लिए तैयार है? एक ऐसे राजनीतिक माहौल में जहां सरकार के AI सिस्टम से आधिकारिक जानकारी मिलने की उम्मीद की जा रही थी। चैटबॉट के इन जवाबों ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है, जबकि ट्रंप का अब भी मानना है कि AI अमेरिका के तकनीकी भविष्य की कुंजी होगा।