Loading...
फोन पानी में गिर गया? ये आसान उपाय आ सकते हैं काम
इससे फोन सुरक्षित बच सकता है

फोन पानी में गिर गया? ये आसान उपाय आ सकते हैं काम

Jul 29, 2026
10:01 am

क्या है खबर?

बारिश के मौसम में फोन का पानी में गिर जाना या भीग जाना सामान्य बात है। कई लोग ऐसे समय में तुरंत यह देखने लगते हैं कि फोन अभी चल रहा है या नहीं, लेकिन यह बड़ी गलती हो सकती है। पानी से ज्यादा नुकसान तब होता है जब गीले फोन में बिजली का प्रवाह जारी रहता है। इसलिए शुरुआत के कुछ मिनटों में सही कदम उठाना सबसे ज्यादा जरूरी माना जाता है और इससे फोन सुरक्षित बच सकता है।

#1

फोन को तुरंत बंद करें और सुखाने की तैयारी करें

फोन पानी में गिर जाए तो सबसे पहले उसे बाहर निकाल तुरंत बंद करें।

इसके बाद मोबाइल कवर, सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड निकाल दें, ताकि अंदर की नमी बाहर निकल सके। फोन के बाहरी हिस्से को मुलायम कपड़े से हल्के हाथों से साफ करें।

इसके बाद फोन को सिलिका जेल वाले पैकेट के साथ बंद डिब्बे में 24 से 48 घंटे तक रखना बेहतर माना जाता है और बीच में उसे चालू करने की कोशिश बिल्कुल न करें।

#2

ये गलतियां भूलकर भी न करें

कभी भी भीगे हुए फोन को तुरंत चालू करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।

हेयर ड्रायर, माइक्रोवेव, तेज धूप या चार्जर का इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए। फोन को जोर से हिलाने या चार्जिंग पोर्ट में फूंक मारने से भी पानी और अंदर जा सकता है।

वहीं, चावल की तुलना में सिलिका जेल नमी को अधिक प्रभावी तरीके से सोखने में मदद करता है और नुकसान की संभावना काफी कम कर देता है।

ADVERTISEMENT

#3

कब ले जाएं सर्विस सेंटर?

अगर पूरी तरह सूखने के बाद भी फोन चालू नहीं होता, स्क्रीन टिमटिमाती है, रंग बदल जाते हैं या बैटरी बहुत तेजी से खत्म होने लगती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

ऐसे संकेत बताते हैं कि अंदर के हिस्सों तक नमी पहुंच चुकी है।

ऐसे में फोन का लगातार इस्तेमाल करने के बजाय उसे जल्द से जल्द किसी अधिकृत सर्विस सेंटर या अनुभवी तकनीशियन को दिखाना चाहिए ताकि समय रहते जरूरी मरम्मत कराई जा सके।

ADVERTISEMENT