गूगल डीपमाइंड ने भी AI की रफ्तार पर ब्रेक लगाने का किया समर्थन
गूगल डीपमाइंड के सह संस्थापक और अल्फाबेट के मुख्य वैज्ञानिक डेमोस हैसाबिस अब उन लोगों में शामिल हो गए हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विकास की रफ्तार धीमी करने की बात कह रहे हैं।
उन्होंने एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई के एक नए सुझाव का समर्थन किया है। अमोदेई ने सुझाव दिया है कि AI में हेल्थकेयर और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जबरदस्त क्षमता है, लेकिन हमने सावधानी नहीं बरती तो यह तकनीक बेकाबू भी हो सकती है।
अमोदेई ने दिए 3 सुझाव
एंथ्रोपिक के CEO ने इस खतरे से निपटने के लिए 3 सुझाव दिए हैं। पहला AI सिस्टम की जांच के लिए बाहरी विशेषज्ञों को पूरी पहुंच दी जाए। दूसरा सभी कंपनियों के लिए एक जैसे सुरक्षा नियम बनाए जाएं और तीसरा नई तकनीक को कितनी तेजी से बाजार में लाया जाए, इस पर कुछ सीमाएं तय की जाएं।
गूगल डीपमाइंड के सह संस्थापक और अध्यक्ष ने अमोदेई के इन सुझावों को आगे बढ़ने का सही रास्ता बताया है। उनके अलावा, OpenAI के प्रमुख सैम ऑल्टमैन भी स्वतंत्र जांच का समर्थन कर रहे हैं, वहीं xAI के मालिक एलन मस्क ने कहा, "डारियो सही कह रहे हैं।"
एंथ्रोपिक के सलाहकार ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और वर्मोंट के वरिष्ठ अमेरिकी सांसद बर्नी सैंडर्स जैसे कई बड़े नेता भी सरकारों से मांग कर रहे हैं कि वे AI सुरक्षा को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता बनाएं।