रक्षा लेखा निकाय ने फिशिंग ईमेल को लेकर दी चेतावनी, बचने के लिए दी सलाह
क्या है खबर?
रक्षा मंत्रालय से जुड़े एक सरकारी निकाय ने पासवर्ड से सुरक्षित अटैचमेंट के साथ फिशिंग ईमेल कैंपेन के बारे में चेतावनी दी है। इससे आधिकारिक IT सिस्टम और संवेदनशील डाटा के लिए खतरा पैदा हो सकता है। अधिकारियों को अज्ञात या संदिग्ध सोर्स से आए लिंक खोलने या अटैचमेंट डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा उन्हें ऐसे ईमेल का जवाब न देने या आगे फॉरवर्ड न करने का निर्देश दिया है।
जारीकर्ता
अलग-अलग विषयों से संबंधित होते हैं ईमेल
सलाह में कहा गया है, "यह देखा गया है कि एक फिशिंग ईमेल प्रसारित हो रहा है, जिसके विषय अलग-अलग हैं और जिनमें पासवर्ड से सुरक्षित अटैचमेंट है। ऐसे ईमेल दुर्भावनापूर्ण प्रकृति के होने का संदेह है और इनसे IT सिस्टम और डाटा की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।" यह सलाह रक्षा लेखा महानियंत्रक (CGDA) द्वारा जारी की गई, जो सशस्त्र बलों और रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए वेतन, पेंशन और वित्तीय निगरानी के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार है।
उपाय
CGDA ने सुरक्षित रहने के लिए दी सलाह
CGDA संवेदनशील वित्तीय और कार्मिक डाटा को संभालने वाले एक बडे़ डिजिटल और प्रशासनिक नेटवर्क की देखरेख करता है, जिससे यह साइबर खतरों के लिए एक महत्वपूर्ण लक्ष्य बन जाता है। अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे ऐसे किसी भी मैसेज की तुरंत सूचना दें, जिसमें प्रेषक का ईमेल पता, विषय, प्राप्ति का समय और संलग्नक जैसी जानकारी शामिल हो, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्हें ऐसे ईमेल मिलने पर पासवर्ड बदलने की सलाह दी गई है।