टेंपल कैसे होगा इस्तेमाल? लॉन्च से पहले दीपिंदर गोयल ने दी जानकारी
क्या है खबर?
जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल का टेंपल जल्द ही लॉन्च होने वाला है और इसके लिए प्री-ऑर्डर अगले सप्ताह शुरू हो सकते हैं। यह डिवाइस छोटा और गोली के आकार का है, जो माथे और कान के बीच लगाया जाता है। इसलिए इसका लुक ही लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर देगा। एक यूजर की ओर से पूछे गए सवाल पर गोयल ने इसके बारे में जानकारी शेयर की है।
लुक
ऐसा है टेंपल का लुक
एक्स यूजर की ओर से डिवाइस के लुक के बारे में पूछे गए सवाल पर गोयल ने पुष्टि की है कि टेंपल सिंगल-यूज 'ग्रिप्स' के साथ ही इस्तेमाल होता है, जो असल में टेप ही हैं।
खास बात यह है कि आपको पता नहीं चलता कि आपने टेंपल पहना हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि सही ग्रिप्स बनाना उतना ही मुश्किल था, जितना कि डिवाइस बनाना और अब टीम ने 99 प्रतिशत यूजर्स के लिए इन्हें सही बना लिया है।
मजबूती
गिरने पर नहीं होगा नुकसान
गोयल ने बताया कि टेंपल बहुत मजबूती से चिपकता है। इसलिए, आप दौड़-भाग या ऊछल-कूद कर सकते हैं, इसे अपने माथे के किनारे पर लगा सकते हैं और यह अपनी जगह से हिलता नहीं है।
उन्होंने बताया कि आप इसे पहनकर नहा और तैर सकते हैं, चेहरा धो, स्किनकेयर और मेकअप भी कर सकते हैं, लेकिन स्कूबा डाइविंग नहीं कर सकते।
आप जब चाहें टेंपल को हटा सकते हैं, लेकिन 'ग्रिप' को दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
पकड़
मजबूत होगी ग्रिप की पकड़
इसके गिर जाने के सवाल पर गोयल ने जवाब दिया कि डिवाइस के किनारे बहुत चिकने होते हैं, इसलिए कपड़े उस पर आसानी से फिसल जाते हैं।
एक ग्रिप लगभग 7 दिनों तक चल सकता है, जो डिवाइस की बैटरी लाइफ के बराबर है, लेकिन कंपनी इसे हर 2 से 3 दिन में बदलने की सलाह देती है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस वियरेबल की आदत पड़ने में लगभग 5 मिनट लगते हैं।
फायदा
डिवाइस क्या करेगा काम?
इस डिवाइस की बारे में गोयल ने बताया कि यह 'ब्रेन फ्लो' नाम के सिस्टम के जरिए दिमाग तक खून के बहाव को मापता है।
दावा किया है कि यह अपनी तरह का पहला लगातार चलने वाला वियरेबल मापने वाला सिस्टम है।
यह ट्रू गोल्ड, रोज गोल्ड, ब्लैक मिरर, रियल जेड, डीप ब्लू और पर्पल फंक रंगों में आएगा। गोयल ने पहले इसकी कीमत लगभग 1,000 डॉलर यानि करीब एक लाख रुपये होने का संकेत दिया था।