दीपिंदर गोयल की LAT एयरोस्पेस के नए एयरक्राफ्ट का सफल परीक्षण, उन्नत तकनीक का दिखा दम
क्या है खबर?
दीपिंदर गोयल की जेट इंजन बनाने वाली कंपनी LAT एयरोस्पेस ने अपने नए टेक्नोलॉजी डेमोंस्ट्रेटर 'लैट वन v0.2' की सफल उड़ान पूरी कर ली है। यह एयरक्राफ्ट अल्ट्रा-शॉर्ट टेकऑफ और लैंडिंग तकनीक पर आधारित है, जिससे यह बहुत कम जगह से उड़ान भर सकता है। कंपनी का लक्ष्य ऐसा विमान तैयार करना है, जो हवाई जहाज की तेज रफ्तार के साथ हेलिकॉप्टर जैसी आसान पहुंच और लैंडिंग क्षमता भी दे सके।
तकनीक
कम दूरी में उड़ान देने वाली नई तकनीक पर काम
गोयल की कंपनी ने इस नए विमान में 'ब्लोन विंग' तकनीक का इस्तेमाल किया है, जिससे कम रनवे में भी आसानी से उड़ान और लैंडिंग संभव होती है। इससे कुछ महीने पहले ही v0.1 मॉडल ने उड़ान भरी थी, लेकिन वह बाद में क्रैश हो गया था, जिसे कंपनी ने अपनी परीक्षण का हिस्सा बताया था। अब v0.2 मॉडल ने पूरा मिशन सफलतापूर्वक पूरा कर नई उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
प्रदर्शन
उड़ान के दौरान बेहतर प्रदर्शन और स्थिरता
इस टेस्ट फ्लाइट में एयरक्राफ्ट ने 6 मिनट से ज्यादा समय तक उड़ान भरी और सुरक्षित तरीके से लैंडिंग भी कर ली। इसकी क्रूज स्पीड अनुमान से बेहतर रही और यह करीब 33 मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच गया। तेज गर्मी के बावजूद किसी तरह की तकनीकी समस्या सामने नहीं आई। इसके साथ ही, इसके हटाए जा सकने वाले विंग्स ने तेज मोड़ के दौरान मजबूती दिखाई, जिससे डिजाइन की विश्वसनीयता और मजबूती साबित हुई है।
डिजाइन
डिजाइन और असली उड़ान डाटा में मिला तालमेल
कंपनी के मुताबिक, इस परीक्षण की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उनके कंप्यूटर मॉडल, सिमुलेशन और असली उड़ान के आंकड़े लगभग एक जैसे निकले हैं। इससे यह साफ हुआ कि इंजीनियरिंग और टेस्टिंग सही दिशा में चल रही है। गोयल ने इसे अपनी टीम की बड़ी सफलता बताया है। कंपनी अब आगे इस तकनीक को और बेहतर बनाने और बड़े स्तर पर इस्तेमाल के लिए लगातार काम कर रही है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
We just completed a successful flight for our tech demonstrator, Lat One v0.2.
— Deepinder Goyal (@deepigoyal) April 2, 2026
Lat Aerospace is building ultra-short takeoff and landing aircraft using blown wing technology. Think fixed-wing performance with near-helicopter access.
A couple of months ago, v0.1 achieved uSTOL… pic.twitter.com/bmSVOKGoTr