एक नए अध्ययन में यह सामने आया है कि हर दिन खाना और सोने का समय एक ही रखना जैसी एक तय दिनचर्या अपनाने से बुजुर्गों का दर्द घट सकता है।
इससे उनमें डिप्रेशन के लक्षण भी कम हो सकते हैं। यहां तक कि जो लोग नींद न आने की समस्या से जूझ रहे थे, उन्हें भी अपने दिन को एक तय क्रम में चलाने से फायदा हुआ। यह एक छोटी-सी आदत बुजुर्गों की सेहत में बड़ा बदलाव ला सकती है।
शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य रहता है बेहतर
मिसौरी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने 67 बुजुर्गों पर एक सर्वेक्षण किया। इस पड़ताल में अनिद्रा से जूझ रहे लोग भी शामिल थे।
चाहे उनकी नींद कैसी भी रही हो, जिन लोगों की दिनचर्या तय थी, वे शारीरिक और मानसिक रूप से ज्यादा स्वस्थ महसूस कर रहे थे।
इस अध्ययन से पता चलता है कि एक तय दिनचर्या शरीर की आंतरिक घड़ी को सही तालमेल में रखती है। बढ़ती उम्र में सेहतमंद रहने के लिए यह बात बहुत जरूरी है।