अमेरिकी खुफिया एजेंसियों में AI के इस्तेमाल से साइबर हमला
क्या है खबर?
अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) और 2 अन्य खुफिया एजेंसियों में हुए साइबर हमले से कुछ जानकारी उजागर हो गई। इस हमले में एक ऐसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल का इस्तेमाल किया गया है, जिसका संबंध वैश्विक साइबर हमलों से रहा है। शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि इसमें चीन का हाथ हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, एक 'ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस एनालिसिस' सिस्टम को निशाना बनाया गया, जो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध गैर-वर्गीकृत जानकारी को प्रोसेस करता है।
नुकसान
सेंधमारी में क्या हुआ नुकसान?
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस साइबर सुरक्षा सेंध से CIA के साथ-साथ बल्कि नेशनल जियोस्पेशियल-इंटेलिजेंस एजेंसी और ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस भी प्रभावित हुए हैं।
इस हमले से किस तरह की जानकारी प्रभावित हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना में कोई गोपनीय जानकारी उजागर नहीं हुई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अब इस साइबर हमले को नियंत्रित कर लिया गया है।
टूल
इस टूल का हुआ इस्तेमाल
रिपोर्ट के मुताबिक, यह सेंधमारी हैकर्स ने आर्टेक्स नामक एक AI टूल का इस्तेमाल करके की है। इसको जुलाई में एक चीनी इंजीनियर ने पेश किया था।
साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने इस टूल को दुनियाभर के व्यवसायों पर हुए कई हमलों से जोड़ा है, जिनमें जापान और दक्षिण कोरिया के मामले भी शामिल हैं।
इसे मूल रूप से साइबर सुरक्षा के लिए बनाया गया था, लेकिन अब हैकर्स ने इसका इस्तेमाल साइबर हमलों के लिए करना शुरू कर दिया है।
संदेह
चीन पर संदेह की यह है वजह
अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि CIA और अन्य एजेंसियों में हुई सेंधमारी के पीछे कौन था? लेकिन शुरुआती संकेत चीन की संभावित संलिप्तता की ओर इशारा करते हैं।
इस संदेह के पीछे आर्टेक्स नामक AI टूल का इस्तेमाल एक बड़ा कारण है।
पश्चिमी देशों के अधिकारियों का दावा रहा है कि बीजिंग की खुफिया एजेंसियां और ठेकेदारों का एक विशाल नेटवर्क कई सालों से अमेरिकी सरकारी एजेंसियों और व्यवसायों के खिलाफ साइबर हमले कर रहा है।
लक्ष्य
इस सिस्टम को बनाया निशाना
इस मामले में हैक किया गया ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस एनालिसिस सिस्टम सोशल मीडिया पोस्ट और सैटेलाइट इमेज सहित कई तरह की जानकारियों को प्रोसेस करते हैं।
इनमें से ज्यादातर डाटा सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होता है, लेकिन कुछ डाटा प्रोवाइडर्स बेचते हैं। अन्य डाटासेट के साथ मिलाने पर, इनसे संवेदनशील जानकारियां सामने आ सकती हैं।
इस घटना ने अमेरिकी इंटेलिजेंस के मौजूदा और पूर्व अधिकारियों के बीच फेडरल एजेंसियों से जुड़े साइबर सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं।