LPG KYC के नाम पर हो रही साइबर ठगी, आप ऐसे रहें सुरक्षित
क्या है खबर?
देश में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जालसाज लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए रोजाना नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। इसी को देखते हुए ICICI बैंक ने ग्राहकों के लिए LPG सिलेंडर से जुड़े एक स्कैम को लेकर चेतावनी दी है। बैंक ने बताया कि ठग नकली KYC अपडेट और गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाकर लोगों से बैंकिंग जानकारी और पैसे ठगने की कोशिश कर रहे हैं।
ठगी
नकली मैसेज भेजकर ऐसे फंसाते हैं ठग
इस तरह की ठगी में जालसाज पहले SMS या व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजते हैं।
मैसेज में दावा किया जाता है कि KYC पूरी नहीं होने के कारण 24 घंटे के भीतर LPG कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को एक लिंक पर क्लिक करने या अपनी जानकारी भरने के लिए कहा जाता है।
ये मैसेज कई बार बिल्कुल असली जैसा लगता है, क्योंकि इनमें गैस कंपनी या सरकारी विभाग का नाम और लोगो भी लगा होता है।
अगला कदम
बैंक की जानकारी लेकर खाते से निकाल लेते हैं पैसे
जब कोई व्यक्ति लिंक पर क्लिक करता है तो फर्जी ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा जाता या उसे नकली वेबसाइट पर भेज दिया जाता है।
इसके बाद जालसाज OTP, डेबिट या क्रेडिट कार्ड की जानकारी, UPI पिन और इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी मांगते हैं।
कई मामलों में लोगों से UPI भुगतान की मंजूरी भी ले ली जाती है, जिससे उनके बैंक खाते से बिना अनुमति पैसे निकाल लिए जाते हैं।
बचाव
इस तरह की ठगी से ऐसे रहें सुरक्षित
ICICI बैंक ने ग्राहकों से कहा है कि अनजान नंबरों से आए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और कोई ऐप डाउनलोड न करें।
OTP, PIN, पासवर्ड, कार्ड या UPI से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
LPG से जुड़ा कोई भी काम केवल आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या सत्यापित ग्राहक सेवा नंबर के जरिए ही करें। ठगी की आशंका होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।