CSIR-CCMB की टीम ने टीबी के इलाज में हासिल की नई सफलता
वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद के अधीन कोशिकीय एवं आणविक जीवविज्ञान केंद्र (CSIR-CCMB) के वैज्ञानिकों की एक टीम ने क्षय रोग (ट्यूबरक्लोसिस-टीबी) पैदा करने वाले बैक्टीरिया के अंदर कुछ नए लक्ष्य खोजे हैं।
इस खोज से टीबी के नए इलाज खोजने की राह खुल गई है। यह इसलिए भी बहुत अहम है क्योंकि दवाओं के असर न करने (ड्रग रेजिस्टेंस) के कारण इसका इलाज मुश्किल होता जा रहा है।
यह कामयाबी भारत जैसे देशों के लिए बहुत मायने रखती है, जहां टीबी के मामले बहुत ज्यादा हैं।
CRISPR तकनीक से कमजोरियां सामने आईं
शोधकर्ताओं ने यह पता लगाया कि टीबी के बैक्टीरिया प्रोटीन को बाहर कैसे भेजते हैं, जो उनके जिंदा रहने के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने 2 मुख्य रास्तों (SecA1 और Tat) पर ध्यान दिया और क्लस्टर्ड रेगुलरली इंटरस्पेस्ड शॉर्ट पैलिंड्रोमिक रिपीट्स (CRISPR) तकनीक का इस्तेमाल किया।
इस दौरान उन्होंने पाया कि इन रास्तों को रोकने से बैक्टीरिया की रफ्तार धीमी पड़ गई और उनकी सेल मेंब्रेन को भी नुकसान पहुंचा। इसका मतलब है कि भविष्य में बनने वाली दवाएं इन कमजोरियों को निशाना बना सकती हैं और टीबी को खत्म करने में मदद कर सकती हैं।