14 साल के बच्चे ने बनाया चिड़ियों की आवाज को कंपन में बदलने वाला डिवाइस
कोलंबिया के रहने वाले 14 साल के जुआन सेबेस्टियन एविला पेरेज ने एक खास डिवाइस 'विंग्स ऑफ इंक्लूजन' बनाया है। इस डिवाइस की मदद से बहरे बच्चे चिड़ियों की चहचहाहट को कंपन के जरिए महसूस कर सकते हैं।
उन्होंने देखा कि बहरे बच्चे बर्डवॉचिंग (चिड़िया देखने) के दौरान अक्सर अलग-थलग पड़ जाते हैं। इसी बात से उन्हें प्रेरणा मिली और उन्होंने प्रकृति को सबके लिए सुलभ बनाने के साथ-साथ कोलंबिया के शानदार पक्षी जीवन को बचाने का भी सोचा।
पेड़ लगाने से की थी शुरुआत
सेबेस्टियन ने अपनी कम्युनिटी में पेड़ लगाने के अभियान और जैव विविधता कार्यशाला से शुरुआत की थी। हालांकि, उनकी कम उम्र की वजह से कुछ लोगों को उन पर शक था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
आज वे इंटरनेशनल बर्ड कांग्रेस जैसी कई बड़ी कॉन्फ्रेंस में अपने विचार पेश कर चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने कोलंबिया में हुए संयुक्त राष्ट्र जैव विविधता कॉन्फ्रेंस COP 16 में 'गार्डियंस फॉर लाइफ' और 'बर्ड गार्डियंस' जैसे ग्रुप का प्रतिनिधित्व भी किया।
उन्होंने अपनी इस लगन को एक एनिमेटेड टीवी शो के जरिए लोगों तक पहुंचाया है। अभी वे बहरे युवाओं के साथ अपने डिवाइस का परीक्षण कर रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए नई भाषाएं भी सीख रहे हैं।