CMF ने उतारे दूध के कार्टन जैसे धांसू स्पीकर, 18 घंटे चलती है बैटरी
नथिंग के सब-ब्रांड CMF ने अपने पहले पोर्टेबल ब्लूटूथ स्पीकर लॉन्च कर दिए हैं, जिनमें स्पीकर S और स्पीकर M शामिल हैं। इनका डिजाइन दूध के कार्टन जैसा है, जो इन्हें एक मजेदार लुक देता है।
एक बार चार्ज करने पर ये 18 घंटे तक चलते हैं और आप अपनी पसंद के हिसाब से इनके फ्रंट पैनल बदल सकते हैं। स्पीकर M को नथिंग इंडिया की वेबसाइट पर लिस्ट कर दिया गया है। हालांकि, भारत में इनकी कीमत का ऐलान अभी नहीं किया गया है।
धूल और पानी से सुरक्षित हैं स्पीकर
दोनों ही स्पीकर IP68 रेटिंग के साथ आते हैं, जिसका मतलब है कि ये धूल और पानी से खराब नहीं होंगे। ये ब्लूटूथ कनेक्टिविटी सपोर्ट करते हैं और डार्क ग्रे, व्हाइट जैसे शानदार रंगों में मिलते हैं।
छोटे वाले स्पीकर S की कीमत 49 पाउंड (करीब 6,000 रुपये) है, इसमें 45 मिलीमीटर का सिंगल ड्राइवर लगा है। जबकि बड़ा स्पीकर M 99 पाउंड (लगभग 12,000 रुपये) में मिलता है। इसमें दमदार आवाज के लिए ड्यूल-ड्राइवर सेटअप दिया गया है, जिसमें एक बड़ा 70 मिलीमीटर वूफर भी शामिल है।
नथिंग एक्स ऐप का इस्तेमाल करके आप इनकी साउंड सेटिंग्स को अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकते हैं, जैसे अल्ट्रा बास या नाइट मोड।
इसके अलावा, ड्यूल-डिवाइस सपोर्ट की वजह से आप एक साथ 2 डिवाइस कनेक्ट कर सकते हैं। नथिंग के ऑनलाइन स्टोर पर कुछ चुनिंदा बाजारों में ये अभी से खरीदने के लिए उपलब्ध हैं।