चीन के फास्ट टेलीस्कोप ने खोजा 3 तारों का दुर्लभ सिस्टम
चीन के विशाल फास्ट टेलीस्कोप ने अंतरिक्ष में एक बेहद खास खोज की है। उन्होंने एक दुर्लभ त्रिक तारा प्रणाली (3 तारों का सिस्टम) का पता लगाया है, जिसे PSR J0435+3233 नाम दिया गया है।
इस प्रणाली में एक पल्सर, एक व्हाइट ड्वार्फ और एक सूरज जैसा तारा शामिल है। खास बात यह है कि ये सभी तारे अपने जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर हैं।
चीनी और यूरोपीय वैज्ञानिकों ने इस खोज की पुष्टि की है और इससे जुड़ी जानकारी 9 अक्टूबर को एक शोध पत्र में प्रकाशित हुई।
गुरुत्वाकर्षण के सिद्धांतों को समझने में मिलेगी मदद
यह खोज तब शुरू हुई, जब खगोलविदों ने देखा कि यह पल्सर सामान्य से कहीं ज्यादा तेजी से धीमा हो रहा था। इसकी गति धीमी होने की रफ्तार दूसरे पल्सरों के मुकाबले करीब 100 गुना ज्यादा थी।
रेडियो, ऑप्टिकल, इन्फ्रारेड और गामा-रे जैसे उपकरणों का इस्तेमाल करके वैज्ञानिकों ने गहराई से जांच की। तब जाकर उन्हें पता चला कि इस पल्सर की अजीबो-गरीब चाल के पीछे तीसरे तारे के गुरुत्वाकर्षण का हाथ था।
बाद में पता चला कि पल्सर और व्हाइट ड्वार्फ एक-दूसरे की 8 दिनों में परिक्रमा करते हैं, जबकि सूरज जैसा तारा अपनी एक परिक्रमा पूरी करने में करीब 73.5 साल लेता है।
यह अनोखा सिस्टम वैज्ञानिकों को गुरुत्वाकर्षण के बड़े सिद्धांतों की जांच करने का अवसर दे सकता है। साथ ही, इससे तारों के बनने और विकसित होने की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा।