85 सेकंड में फटा चीन का लॉन्ग मार्च 7A रॉकेट, पहले कब-कब हुए ऐसे हादसे?
क्या है खबर?
चीन का लॉन्ग मार्च 7A रॉकेट सोमवार को लॉन्च के करीब 85 सेकंड बाद हवा में टूट गया। यह रॉकेट वेनचांग स्पेस लॉन्च सेंटर से चाइना सैट-4B संचार सैटेलाइट लेकर रवाना हुआ था। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने इसे उड़ान के दौरान हुई गड़बड़ी बताया है और कारण की जांच जारी है। इस घटना में रॉकेट और सैटेलाइट कक्षा तक नहीं पहुंच सके। यह लॉन्ग मार्च 7A की 2020 के बाद दूसरी विफलता है।
#1
जनवरी, 2026 में एक दिन में दो मिशन फेल
चीन में इससे पहले जनवरी, 2026 में एक ही दिन दो रॉकेट मिशन नाकाम हुए थे।
लॉन्ग मार्च-3B रॉकेट शिजियान-32 सैटेलाइट को कक्षा में नहीं पहुंचा सका। कुछ घंटों बाद निजी कंपनी गैलेक्टिक एनर्जी का सेरेस-2 भी अपनी पहली उड़ान में विफल हो गया।
दोनों मामलों में उड़ान के दौरान गड़बड़ी हुई थी और अधिकारियों ने कारणों की जांच शुरू की थी। यह चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए बेहद असामान्य दोहरी विफलता वाला दिन साबित हुआ था।
#2
नवंबर, 2025 में सेरेस-1 भी हुआ था नाकाम
नवंबर, 2025 में निजी कंपनी गैलेक्टिक एनर्जी का सेरेस-1 रॉकेट भी मिशन पूरा नहीं कर सका था।
रॉकेट जिउक्वान स्पेस सेंटर से तीन सैटेलाइट लेकर रवाना हुआ, लेकिन बाद के चरण में इंजन समय से पहले बंद हो गया। इसके कारण तीनों सैटेलाइट तय कक्षा में सुरक्षित रूप से नहीं पहुंच पाए।
यह सेरेस-1 की 22 उड़ानों में दूसरी विफलता थी। कंपनी ने इसके बाद तकनीकी कारणों की जांच और सुधार करने की बात कही थी।
#3
दिसंबर में झूच्ये-3, 2020 में लॉन्ग मार्च 7A फेल
दिसंबर, 2025 में चीन के झूच्ये-3 रॉकेट की पहली उड़ान में भी झटका लगा था।
उसका ऊपरी चरण कक्षा में पहुंच गया, लेकिन पहले चरण की वापसी और सुरक्षित लैंडिंग सफल नहीं हुई। उतरते समय बूस्टर में असामान्य दहन हुआ और वह लैंडिंग पूरी नहीं कर सका।
इससे पहले मार्च, 2020 में लॉन्ग मार्च 7A की पहली उड़ान भी विफल हुई थी। इसके बाद रॉकेट ने एक दर्जन से ज्यादा सफल मिशन पूरे किए थे।