चीन ने तैयार किया दुनिया का सबसे बड़ा फ्यूजन रिएक्टर मैग्नेट
चीन ने विज्ञान के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। उसने दुनिया का सबसे बड़ा फ्यूजन रिएक्टर मैग्नेट तैयार किया है। यह 582 टन का D-आकार का विशाल मैग्नेट चीन के 'आर्टिफिशियल सन' फ्यूजन प्रोजेक्ट के लिए बनाया गया है।
हेफेई के प्लाज्मा फिजिक्स इंस्टीट्यूट ने इस भारी कॉइल को बनाया है। इसे बेस्ट रिएक्टर में उपयोग किया जाएगा, जो फ्यूजन ऊर्जा के प्रयोगों को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
2027 तक प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य
यह सुपर-मैग्नेट रिएक्टर के अंदर प्लाज्मा को 10 करोड़ डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा तापमान पर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा।
रिएक्टर को स्थिर रखने के लिए ऐसे 16 मैग्नेट एक साथ काम करेंगे। इनके जरिए वैज्ञानिक यह समझ पाएंगे कि तारे ऊर्जा कैसे पैदा करते हैं।
इस प्रोजेक्ट का निर्माण 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है और 2030 के आस-पास फ्यूजन से बिजली बनाने का प्रदर्शन करने की योजना है।
अगर, यह सफल होता है तो दुनिया में बिजली उत्पादन के तरीके में बड़ा बदलाव आ सकता है। इससे हमें बिना किसी लंबे समय तक रहने वाले रेडियोधर्मी कचरे के साफ-सुथरी बिजली मिल सकेगी और विज्ञान की यह कल्पना सच्चाई बन जाएगी।