चीन ने बनाया दुनिया का सबसे बड़ा रोबोट्स थीम पार्क, करते हैं कई काम
चीन के झुहाई शहर में चिमेलांग स्पेसशिप पार्क खुल गया है और यहां 300 से भी ज्यादा रोबोट्स की भरमार है। 24 सितंबर से पार्क में आने वाले लोगों का ये रोबोट्स स्वागत करते हैं, उन्हें रास्ता दिखाते हैं और उनके साथ टेबल टेनिस भी खेलते हैं।
इस पार्क में 100 से ज्यादा ऐसे अनुभव हैं, जो पूरी तरह रोबोट्स की मदद से चलते हैं। CGTN की खबरों के मुताबिक, इसे दुनिया का पहला इतना बड़ा रोबोट थीम पार्क बताया जा रहा है।
4 लाख वर्ग मीटर में फैला है पार्क
यह पार्क करीब 4 लाख वर्ग मीटर के बड़े इलाके में फैला है। यहां रोबोट्स केवल मनोरंजन ही नहीं देते, बल्कि लाइव शो, पढ़ाई-लिखाई और होटल की सेवाओं में भी इनका इस्तेमाल होता है।
अभी एक कर्मचारी 3 रोबोट्स को संभालता है, लेकिन उनका मकसद है कि धीरे-धीरे एक ऑपरेटर 10 रोबोट्स को नियंत्रित कर सके। यहां बच्चों की सुरक्षा का खास ख्याल रखा जाता है और पार्क से जो डाटा मिलता है, उससे आगे चलकर रोबोटिक सिस्टम्स को और बेहतर बनाया जा सकेगा।