AI की रेस में ChatGPT सबसे आगे, मासिक मोबाइल यूजर्स की संख्या 1 अरब से अधिक
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बाजार में ChatGPT की पकड़ लगातार मजबूत बनी हुई है। एंड्रीसेन होरोविट्ज़ की नई रैंकिंग रिपोर्ट के अनुसार, ChatGPT के मासिक सक्रिय मोबाइल यूजर्स की संख्या 1 अरब से ज्यादा है। वहीं क्लाउड करीब 1 अरब मासिक विजिट के साथ वेब पर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में जेमिनी और क्लाउड के पेड सब्सक्राइबर्स की संख्या लगभग बराबर बताई गई है। जेमिनी के भुगतान करने वाले यूजर्स की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।
इस्तेमाल
AI इस्तेमाल बढ़ा
अमेरिका में AI को अपनाने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन रोज इसका इस्तेमाल करने वाले लोग अभी कम हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब आधे अमेरिकी उपभोक्ता AI इस्तेमाल करते हैं, जबकि सिर्फ 25 प्रतिशत लोग हर दिन इसका उपयोग करते हैं। अगस्त तक केवल 4.5 प्रतिशत अमेरिकी उपभोक्ताओं के पास ChatGPT, जेमिनी या क्लाउड का पेड व्यक्तिगत सब्सक्रिप्शन था।
इससे पता चलता है कि इस्तेमाल बढ़ने के बावजूद भुगतान करने वाले यूजर्स सीमित हैं।
खर्च
AI पर खर्च में बड़ा अंतर
रिपोर्ट में AI पर होने वाले खर्च को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है।
कुल कंज्यूमर AI खर्च में सबसे ज्यादा खर्च करने वाले 10 प्रतिशत यूजर्स की हिस्सेदारी करीब आधी है। ये लोग मुख्य रूप से कोडिंग, कामकाज और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े AI टूल्स के लिए भुगतान करते हैं।
कंज्यूमर AI को अब एक मजबूत बाजार मिल रहा है, जहां लोग ऐसे टूल्स पर पैसा खर्च करने को तैयार हैं, जो उनका काम आसान बनाते हैं।
ChatGPT
ChatGPT ने फिर पकड़ी रफ्तार
क्लाउड के मुकाबले ChatGPT की स्थिति हाल में और मजबूत हुई है।
यिपिटडाटा के आंकड़ों में जुलाई और अगस्त के दौरान क्लाउड के रोजाना औसत सेशन में कमी दिखाई दी। इसके साथ ही नए पेड सब्सक्राइबर्स की रफ्तार भी कमजोर हुई। दूसरी ओर, नए AI मॉडल और ChatGPT वर्क जैसे उत्पादों की शुरुआत के बाद ChatGPT की रफ्तार बढ़ी।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के ज्यादातर राज्यों में ChatGPT सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला प्लेटफॉर्म बना हुआ है।