ChatGPT बना दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप
क्या है खबर?
OpenAI के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट ChatGPT के यूजर्स की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है। अपनी इसी लोकप्रियता के बदौलत अब ChatGPT दुनिया का दूसरा सबसे अधिक डाउनलोड किया जाने वाला ऐप बन गया है। सेंसर टावर की नई रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में इसके डाउनलोड, इन-ऐप खरीदारी और इस्तेमाल के समय में जोरदार बढ़त दर्ज की गई। AI असिस्टेंट कैटेगरी मोबाइल बाजार में सबसे तेज बढ़ने वाले सेगमेंट में शामिल हो गई है।
ग्रोथ
AI असिस्टेंट में रिकॉर्ड ग्रोथ
रिपोर्ट बताती है कि 2025 में AI असिस्टेंट ऐप्स में बिताया गया समय साल-दर-साल 426 प्रतिशत बढ़ा है। ChatGPT के डाउनलोड में 148 प्रतिशत और इन-ऐप राजस्व में 254 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस तेजी के कारण यह ग्लोबल टॉप 20 ऐप्स में ऊंची रैंक पर पहुंच गया है। गूगल जेमिनी, माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट और मेटा AI जैसे दूसरे ऐप्स ने भी इस बढ़ती मांग का फायदा उठाया है।
गेम्स
गेम्स से ज्यादा खर्च नॉन-गेमिंग ऐप्स पर
पहली बार उपभोक्ताओं ने मोबाइल गेम्स की तुलना में नॉन-गेमिंग ऐप्स पर ज्यादा खर्च किया। गेमिंग राजस्व में हल्की बढ़त रही, लेकिन डाउनलोड घटे। इसके उलट AI आधारित टूल्स और प्रोडक्टिविटी ऐप्स में ज्यादा एंगेजमेंट देखा गया। अमेरिका में ChatGPT पुरुष यूजर्स के बीच सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ऐप्स में शामिल हो गया। इससे संकेत मिलता है कि AI अब प्रयोग से आगे बढ़कर रोजमर्रा के उपयोग का हिस्सा बन रहा है।
बदलाव
मोबाइल बाजार में बड़ा बदलाव
सेंसर टावर के अनुसार मोबाइल बाजार में एक संरचनात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। कुल डाउनलोड भले स्थिर रहे, लेकिन यूजर्स की खर्च करने की आदतें बदल रही हैं। ChatGPT की प्रीमियम सेवाओं पर बढ़ता खर्च बताता है कि लोग AI फीचर्स के लिए भुगतान करने को तैयार हैं। सोशल मीडिया अभी भी आगे है, लेकिन प्रतिशत वृद्धि के मामले में AI ऐप्स ने पारंपरिक कैटेगरी को पीछे छोड़ दिया है।