Page Loader
चंद्रयान-3 मिशन के लिए ISRO कितना पैसा खर्च कर रहा है?
चंद्रयान-2 सफल करार दिया गया था (तस्वीर: ISRO)

चंद्रयान-3 मिशन के लिए ISRO कितना पैसा खर्च कर रहा है?

Jul 11, 2023
09:52 am

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) 14 जुलाई को चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से लॉन्च वाहन LVM3 के जरिये लॉन्च किया जाएगा। यह चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग का भारत का दूसरा प्रयास होगा। चंद्रयान-3 मिशन के खर्च की बात करें तो इसके लिए लगभग 615 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ है। ISRO के अनुसार, इसमें से अनुमानित लॉन्चिंग लागत लगभग 75 करोड़ रुपये है।

खर्च

पिछले चंद्र मिशन में कितने रुपये हुए थे खर्च?

ISRO ने 22 जुलाई, 2019 को अपना दूसरा चंद्रमा मिशन चंद्रयान-2 लॉन्च किया था, जिसे असफल करार दिया गया क्योंकि लैंडिंग से 400 मीटर पहले लैंडर से संपर्क टूट गया। ISRO के अनुसार, भारत के दूसरे चंद्रमा मिशन की कुल लागत लगभग 978 करोड़ रुपये थी, जिसमें लॉन्च के लिए लगभग 375 करोड़ रुपये और सैटेलाइट के लिए लगभग 603 करोड़ रुपये शामिल हैं। चंद्रयान-1 एक बजट अंतरिक्ष यान था, जिसे 386 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था।