Page Loader
चंद्रयान-3 पर टिकी सबकी नजरें, लैंडिंग में लग सकते हैं 30 मिनट
चंद्रयान-3 मिशन को 14 जुलाई, 2023 को लॉन्च किया गया था (तस्वीर: ISRO)

चंद्रयान-3 पर टिकी सबकी नजरें, लैंडिंग में लग सकते हैं 30 मिनट

Aug 23, 2023
11:31 am

क्या है खबर?

चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर आज चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करने वाला है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के चैयरमैन एस सोमनाथ ने कहा है कि लैंडिंग की पूरी प्रक्रिया में लगभग 30 मिनट लग सकते हैं। उन्होंने कहा, "हमें यह तय करना होगा कि पहले दिखाई देने वाले जगह पर उतरना है या खतरे का पता लगाकर कोई अन्य सुरक्षित जगह चुननी है।"

ISRO

योजना के अनुसार चल रहा सब कुछ- ISRO

ISRO ने कल ट्विटर (X) पर एक पोस्ट में कहा था कि सिस्टम योजना के अनुसार काम कर रहा है और मिशन तय समय पर है। सिस्टम की नियमित जांच चल रही है। चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर पर लगे लैंडर पोजिशन डिटेक्शन कैमरा (LPDC) से 19 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के कुछ हिस्सों की तस्वीरें ली गई थीं। इन तस्वीरों की मदद से ISRO लैंडर के सॉफ्ट लैंडिंग के लिए सुरक्षित जगह का पता लगा रहा है।

समय

शाम 06:04 बजे चांद पर लैंड करेगा लैंडर

ISRO के अनुसार, चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर आज शाम 06:04 बजे चांद की सतह पर लैंडिंग का प्रयास करेगा। इस लैंडिंग इंवेंट को आप शाम 05:20 बजे से ISRO के यूट्यूब चैनल और आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव देख सकते हैं। अगर चंद्रयान-3 मिशन सफल होता है तो अमेरिका, रूस और चीन के बाद चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत चौथा देश होगा। बता दें, चंद्रयान-3 मिशन को 14 जुलाई, 2023 को लॉन्च किया गया था।