भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (CERT-In) ने DIGIT प्लेटफॉर्म में एक बड़ी सुरक्षा खामी का पता लगाया है।
यह प्लेटफॉर्म भारत में 20,000 से ज्यादा सरकारी विभागों को सार्वजनिक सेवाएं देने में इस्तेमाल होता है। इस खामी की वजह से हैकर्स बिना किसी पासवर्ड के गोपनीय डाटाबेस में सेंध लगा सकते हैं। यहां तक कि वे जन्म और मृत्यु के रिकॉर्ड जैसी जरूरी जानकारियां भी बदल सकते हैं।
CERT-In ने इस खामी को 'उच्च गंभीरता' वाला बताया है। संस्था ने उन सभी संगठनों से कहा है, जो इससे प्रभावित हैं कि वे जल्द से जल्द अपने सिस्टम को v2.9.3 पर अपडेट कर लें।
इस कारण आई खामी
यह दिक्कत DIGIT कोर के वर्जन 2.9 में इनपुट जांच की कमजोरी से पैदा हुई है। इसी वजह से हमलावर दूर बैठकर भी नुकसान पहुंचाने वाले कमांड आसानी से चला सकते हैं।
इस खामी का असर उन मुख्य सेवाओं पर पड़ता है, जिनके जरिए लोग ऑनलाइन सरकारी सेवाओं का फायदा उठाते हैं। यह परेशानी केवल भारत तक ही सीमित नहीं है।
DIGIT प्लेटफॉर्म इंडोनेशिया और नाइजीरिया जैसे देशों में भी इस्तेमाल होता है। ऐसे में सार्वजनिक डाटा को सुरक्षित रखने के लिए हर जगह जल्द से जल्द इस खामी को ठीक करना बेहद अहम है।