CERT-In ने ऑनलाइन सुरक्षा के लिए दी मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने की सलाह
भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) ने लोगों से अपने ऑनलाइन अकाउंट्स पर मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA) को सक्रिय करने का आग्रह किया है। इसे अपनी डिजिटल जिंदगी के लिए एक अतिरिक्त सुरक्षा कवच समझिए।
अक्टूबर को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तौर पर मनाया जा रहा है, जिसकी थीम 'साइबर स्वच्छता की संस्कृति का निर्माण करें' है। यह सुझाव इसी अभियान का हिस्सा है।
एजेंसी ने ज्यादा मजबूत सुरक्षा के लिए SMS कोड्स की जगह ऑथेंटिकेटर ऐप्स या हार्डवेयर सिक्योरिटी कीज का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
संदिग्ध गतिविधि की करें रिपोर्ट
CERT-In यह भी याद दिलाता है कि केवल उन्हीं लॉग-इन रिक्वेस्ट को मंजूरी दें, जो आपने खुद भेजी हैं। साथ ही अपने रिकवरी कोड्स को हमेशा सुरक्षित जगह पर रखें, ताकि आपका अकाउंट कभी लॉक न हो।
अगर, आपको कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो उसकी रिपोर्ट incident@cert-in.org.in पर करें। ज्यादा जानकारी और अन्य सुरक्षा टिप्स के लिए आप cert-in.org.in या csk.gov.in पर जा सकते हैं। अभी किया गया थोड़ा-सा अतिरिक्त प्रयास आपको भविष्य की बड़ी मुश्किलों से बचा सकता है।