सरकार ने माइक्रोसॉफ्ट ऐप्स में गंभीर खामियाें को लेकर जारी की चेतावनी
भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (CERT-In) ने माइक्रोसॉफ्ट के कई उत्पादों- 365 कोपायलट, एज्योर, एंट्रा ID और पावर पेजेस में कुछ बेहद गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर चेतावनी जारी की है।
साथ ही आगाह किया है कि अगर, इन खामियों को जल्द दूर नहीं किया गया तो हैकर्स आसानी से यूजर्स का डाटा चुरा सकते हैं, उनके अकाउंट्स के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं या फिर सेवाओं को पूरी तरह बंद भी कर सकते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट ऐप्स को अपडेट करने की दी सलाह
CERT-In ने सभी प्रभावित संगठनों और व्यक्तियों से अपील की है कि वे तुरंत अपने माइक्रोसॉफ्ट ऐप्स को अपडेट कर लें। अच्छी बात यह है कि माइक्रोसॉफ्ट पहले ही इन खामियों को ठीक करने के लिए पैच जारी कर चुका है। ये सुरक्षा कमियां मुख्य रूप से कमजोर ऑथेंटिकेशन और खराब इनपुट चेक जैसी समस्याओं के कारण पैदा हुई हैं।
अगर, आपकी संस्था एज्योर, एंट्रा ID या अन्य माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल करती है तो सुरक्षित रहने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के आधिकारिक अपडेट गाइड का पालन करना बहुत जरूरी है।