CERT-In ने PHP में मिली खामी से वेबसाइट का डाटा चोरी होने की दी चेतावनी
भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने हाल ही में हाइपरटेक्स्ट प्रीप्रोसेसर (PHP) में एक बड़ी सुरक्षा खामी का पता लगाया है।
PHP एक ऐसी प्रोग्रामिंग भाषा है, जिसका इस्तेमाल डायनामिक वेबसाइट और वेब एप्लीकेशन बनाने के लिए खूब होता है।
इस खामी की वजह से हैकर संवेदनशील जानकारी चुरा सकते हैं या वेबसाइट में कोई खतरनाक कोड भी डाल सकते हैं। करीब 70 फीसदी वेबसाइट्स PHP पर ही चलती हैं। ऐसे में यह खतरा काफी बड़े दायरे में फैला हुआ है।
PHP अपडेट करने की सलाह
CERT-In ने वेबसाइट चलाने वालों से अपील की है कि वे जितनी जल्दी हो सके, अपने PHP वर्जन को अपडेट करें और नए सिक्योरिटी पैच की जांच करें।
अगर, आपकी कोई वेबसाइट या ब्लॉग है तो यह भी जांच लें कि आपके होस्टिंग प्रोवाइडर ने ये अपडेट जारी कर दिए हैं या नहीं। अधिक जानकारी के लिए आप PHP की आधिकारिक सिक्योरिटी एडवाइजरी देख सकते हैं। अगर, आप जल्द कार्रवाई करते हैं तो इससे आपका डाटा गलत हाथों में जाने से बच सकता है।