CERT-In ने व्हाट्सऐप पर मैलवेयर हमले के खतरे से किया आगाह
भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) ने व्हाट्सऐप पर एक नए और चालाकी भरे मैलवेयर हमले का पता लगाया है।
हैकर्स लोगों के अकाउंट्स में सेंध लगाकर उन्हें इनवॉइस या बैंक स्टेटमेंट जैसे नकली बिजनेस डॉक्यूमेंट भेज रहे हैं। यह सब ज्यादातर व्हाट्सऐप डेस्कटॉप और वेब पर हो रहा है क्योंकि ये फाइलें जान-पहचान के लोगों से आती दिखती हैं, इसलिए लोग आसानी से इस धोखे में फंस जाते हैं।
बचाव के लिए दी यह सलाह
यह मैलवेयर ऐसी वीबीएसक्रिप्ट (.vbs) फाइलों में छिपा होता है, जिनके नाम अलग-अलग भाषाओं में होते हैं। अगर, कोई ऐसी फाइल खोल दे तो यह चुपके से उसके कंप्यूटर में ऐसे टूल इंस्टॉल कर सकता है, जिससे हैकर्स को सिस्टम का रिमोट एक्सेस मिल जाता है।
इससे डाटा चोरी हो सकती है या आपका कामकाज भी रुक सकता है। CERT-In सलाह देता है कि अनजान अटैचमेंट न खोलें, खासकर .vbs फाइलें। अगर, कुछ भी अजीब लगे तो अपने कॉन्टैक्ट से उसकी पुष्टि जरूर कर लें। अपने सुरक्षा सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें और डिवाइस पर किसी भी अनजानी गतिविधि पर ध्यान दें।