Loading...
टाटा के iRA ऐप में मिलीं 4 गंभीर खामियां, ग्राहकों की जानकारी पर मंडरा रहा खतरा
टाटा के iRA ऐप में मिलीं गंभीर खामियां

टाटा के iRA ऐप में मिलीं 4 गंभीर खामियां, ग्राहकों की जानकारी पर मंडरा रहा खतरा

Nov 05, 2026
03:38 pm

क्या है खबर?

टाटा मोटर्स के 2 मोबाइल ऐप में गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) ने iRA 2.0 और iRA.ev ऐप में 4 कमजोरियों की पहचान की है। एजेंसी ने बुधवार को चेतावनी जारी की। इन कमियों से ग्राहकों की निजी जानकारी और ऐप की सुविधाओं पर खतरा पैदा हो सकता है। प्रभावित ऐप इस्तेमाल करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और जल्द अपडेट करने को कहा है।

खतरा

हैकर चुरा सकते हैं निजी जानकारी और कर सकते हैं छेड़छाड़

इन कमजोरियों का फायदा उठाकर हैकर ग्राहकों की संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं।

वे कार मालिक की पहचान अपनाकर ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं और बिना अनुमति उसमें मौजूद डाटा बदल सकते हैं। ऐप के कोड में रखे पासवर्ड और टोकन से कंपनी की आंतरिक सेवाओं तक पहुंचने का खतरा है।

फर्जी लिंक और असुरक्षित नेटवर्क के जरिए भी यूजर की जानकारी चुराई जा सकती है। इससे निजी डेटा का दुरुपयोग भी संभव है।

प्रभावित ऐप

ये ऐप वर्जन हैं प्रभावित

एजेंसी के मुताबिक, iRA 2.0 का वर्जन 26.7.3 और उससे पुराने वर्जन, जबकि iRA.ev का 26.7.2 और उससे पुराने वर्जन प्रभावित हैं।

ग्राहकों को दोनों ऐप के नवीनतम वर्जन पर अपडेट करने की सलाह दी गई है। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर पर जाकर अपडेट जांच सकते हैं।

iRA 2.0 पेट्रोल-डीजल कारों और iRA.ev टाटा की इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए इस्तेमाल होता है। अपने फोन में ऐप का वर्जन भी जांच लें।

ADVERTISEMENT

अन्य

गाड़ियों में नहीं, मोबाइल ऐप में मिलीं खामियां

ये खामियां गाड़ियों के सिस्टम में नहीं, बल्कि उन्हें मोबाइल से जोड़ने वाले ऐप में मिली हैं।

इन ऐप के जरिए ग्राहक कार को दूर से नियंत्रित करने, उसकी लोकेशन और यात्रा का ब्योरा देखने के साथ ईंधन, बैटरी और वाहन की स्थिति की जानकारी पा सकते हैं।

CERT-In ने इन कमजोरियों की जानकारी देने का श्रेय प्रणव राजेंद्रन को दिया है। टाटा मोटर्स से इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी गई है।

ADVERTISEMENT