कैलिफोर्निया के सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी क्लाउड की सुविधा
कैलिफोर्निया ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक के साथ मिलकर अपने क्लाउड चैटबॉट को राज्य और स्थानीय सरकारी विभागों में लाने का फैसला किया है।
इस पहल से सरकारी कर्मचारियों को यह AI टूल रियायती दरों पर मिलेगा, साथ ही उन्हें प्रशिक्षण और तकनीकी मदद भी मिलेगी। इसकी मदद से वे अपने दस्तावेज तेजी से बना पाएंगे, लंबी जानकारी का संक्षिप्त सार तैयार कर पाएंगे और डाटा का विश्लेषण भी फटाफट कर सकेंगे।
सरकारी क्षेत्र में कंपनी की साख होगी मजबूत
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने स्पष्ट किया है कि AI का मकसद सरकार के मानवीय कामों की जगह लेना नहीं, बल्कि हमारे कर्मचारियों की कार्य गति बढ़ाना है।
यह साझेदारी ऐसे समय में हुई है, जब एंथ्रोपिक को सुरक्षा कारणों से पेंटागन का अनुबंध नहीं मिल पाया था। हालांकि, कैलिफोर्निया के साथ काम करके कंपनी सरकारी क्षेत्र में अपनी साख मजबूत कर सकती है क्योंकि AI टूल अब न सिर्फ आम होते जा रहे हैं, बल्कि महंगे भी हो रहे हैं।