एक्सबॉक्स खरीदना हुआ महंगा, माइक्रोसॉफ्ट ने बढ़ाई गेमिंग कंसोल की कीमतें
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने एक्सबॉक्स गेमिंग कंसोल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। नई कीमतें 1 अगस्त से लागू होंगी। कंपनी का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर की बढ़ती मांग के कारण मेमोरी और स्टोरेज चिप की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इसी वजह से अब एक्सबॉक्स कंसोल बनाना पहले के मुकाबले काफी महंगा हो गया है। कंपनी ने बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ ग्राहकों पर डालने का फैसला किया है।
कीमत
किस मॉडल की कीमत कितनी बढ़ी?
नई कीमतों के अनुसार, एक्सबॉक्स सीरीज S 512GB की कीमत 399.99 डॉलर (लगभग 38,000 रुपये) से बढ़कर 499.99 डॉलर (लगभग 48,000 रुपये) हो जाएगी। वहीं, एक्सबॉक्स सीरीज S 1TB मॉडल 449.99 डॉलर की जगह 599.99 डॉलर में मिलेगा। एक्सबॉक्स सीरीज X के सभी मॉडल भी 150 डॉलर (लगभग 14,000 रुपये) तक महंगे किए गए हैं। कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि एक्सबॉक्स सीरीज X का 2TB वेरिएंट अब बंद कर दिया जाएगा और इसकी बिक्री आगे नहीं होगी।
वजह
AI की बढ़ती मांग बनी बड़ी वजह
माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, स्टोरेज और मेमोरी चिप की कीमतें पिछले कुछ समय में ढाई गुना से भी ज्यादा बढ़ चुकी हैं। AI कंपनियां बड़े डाटा सेंटर बनाने के लिए बड़ी मात्रा में इन्हीं चिप्स की खरीद कर रही हैं। इससे गेमिंग इंडस्ट्री को जरूरी कंपोनेंट्स कम मिल रहे हैं और लागत लगातार बढ़ रही है। कंपनी का मानना है कि अगर यही स्थिति रही तो आने वाले समय में लागत और बढ़ सकती है।
दबाव
GTA VI लॉन्च से बढ़ सकता है दबाव
नवंबर में GTA VI के लॉन्च से गेमिंग कंसोल की मांग और बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे समय में बढ़ती लागत और कंपोनेंट की कमी कंपनियों के लिए नई चुनौती बन सकती है। माइक्रोसॉफ्ट के अलावा सोनी भी हाल ही में अपने प्लेस्टेशन 5 की कीमतें बढ़ा चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्सबॉक्स कारोबार में लागत घटाने, बजट कम करने और कर्मचारियों की छंटनी जैसे कई कदमों पर भी काम किया जा रहा है।