स्कॉटलैंड में ब्लड टेस्ट से होगी अल्जाइमर की शुरुआती और सटीक पहचान
स्कॉटलैंड अपने हेल्थकेयर सिस्टम में एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। यहां अल्जाइमर बीमारी का शुरुआती दौर में ही पता लगाने के लिए एक साधारण ब्लड टेस्ट शुरू किया जाएगा।
यह टेस्ट इसी महीने से उपलब्ध होगा। शुरुआत में 50 से ज्यादा GP क्लीनिकों में 500 मरीजों को यह टेस्ट कराने की सुविधा मिलेगी।
इस पहल का मकसद है कि लोग अपनी बीमारी को जल्द पहचान सकें और उसका इलाज भी समय पर शुरू कर पाएं।
स्कॉटलैंड में लगभग 60,000 लोग अल्जाइमर से पीड़ित हैं और यह नई सुविधा उनकी देखभाल में एक बड़ा बदलाव ला सकती है।
टेस्ट अल्जाइमर से संबंधित प्रोटीन का लगाता है पता
यह टेस्ट फॉस्फोराइलेटेड टाऊ 181 (p-tau181) और p-tau217 नाम के 2 खास प्रोटीन की जांच करता है। ये प्रोटीन दिमाग में होने वाले उन बदलावों का इशारा देते हैं, जिनका संबंध अल्जाइमर से होता है।
एक अध्ययन के अनुसार, यह नया टेस्ट मौजूदा मेमोरी टेस्ट या स्कैन के मुकाबले अल्जाइमर का पता लगाने या उसे खारिज करने में ज्यादा तेज और सटीक साबित हो सकता है।
इस प्रोजेक्ट की कमान स्कॉटिश ब्रेन साइंसेज के हाथों में है। इसका मकसद है इस तकनीक को आम चिकित्सकीय जांच का हिस्सा बनाना है, जिससे डिमेंशिया का पता लगाने के तरीके में बहुत बड़ा सुधार आ सकता है।